रामपुर बुशहर में बढ़े बंदरों के हमले, SDM ने दिए सख्त निर्देश

IMG_20260414_194415
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर
रामपुर बुशहर। रामपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में बंदरों के बढ़ते हमलों ने आम जनता की चिंता बढ़ा दी है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए उप-मंडलाधिकारी (SDM) रामपुर बुशहर ने नगर परिषद को तत्काल प्रभाव से ठोस कदम उठाने के निर्देश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, पिछले एक वर्ष के दौरान बंदरों के काटने के मामलों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। स्थानीय लोगों द्वारा लगातार शिकायतें की जा रही हैं कि बंदरों का आतंक दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

हाल ही में एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ हुई घटना, जिसमें उसे बंदर ने काट लिया, ने स्थिति की गंभीरता को और उजागर कर दिया है।
प्रशासन ने नगर परिषद रामपुर बुशहर को निर्देश दिए हैं कि वह वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर एक सप्ताह के भीतर बंदरों को पकड़ने की प्रक्रिया शुरू करे।

पकड़े गए बंदरों को नसबंदी (स्टरलाइजेशन) के लिए शिमला के टुटू और कंडी केंद्रों में भेजा जाएगा। विशेष रूप से आक्रामक बंदरों को प्राथमिकता के आधार पर पकड़ने के निर्देश दिए गए हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
इसके अलावा, नगर परिषद को यह भी निर्देशित किया गया है कि वह इस अभियान की प्रगति रिपोर्ट शीघ्र ही SDM कार्यालय को सौंपे।

SDM रामपुर हर्ष अमरिंदर सिंह का कहना है कि जन सुरक्षा सर्वोपरि है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह आदेश शहरी विकास निदेशक, उपायुक्त शिमला और वन मंडलाधिकारी रामपुर को भी सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया है। प्रशासन को उम्मीद है कि इन कदमों से क्षेत्र में बंदरों के आतंक पर जल्द काबू पाया जा सकेगा।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News