रामपुर एचपीएस ने बायल में चलाया स्वच्छता अभियान, महिला मंडलों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा

एप्पल न्यूज़, रामपुर

विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के निर्देशानुसार रामपुर एचपीएस द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्तूबर 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा (SHS) अभियान-2026’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत 22 सितंबर को परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह के नेतृत्व में रामपुर एचपीएस के कार्यालय परिसर और बायल गांव के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान में रामपुर एचपीएस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बायल गांव के स्थानीय महिला मंडलों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। ग्राम पंचायत बायल में राजकीय माध्यमिक पाठशाला बायल के समीप चिन्हित स्वच्छता लक्षित इकाई-2 (Cleanliness Target Unit-2) में गहन सफाई एवं ब्लैक स्पॉट सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान कचरा संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण स्थानों की विशेष सफाई की गई।


अभियान में बायल के महिला मंडलों तथा सम्भव पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट, दत्तनगर का सहयोग प्राप्त हुआ। महिला मंडल सदस्यों ने चिन्हित ब्लैक स्पॉट से कचरा एकत्र किया, जिसे सम्भव पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट के सहयोग से कचरा पृथक्करण एवं वैज्ञानिक प्रबंधन के लिए निर्धारित स्थल तक पहुंचाया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्लास्टिक एवं एकल-उपयोग प्लास्टिक (SUP) के इस्तेमाल को हतोत्साहित करने तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला मंडल सदस्यों को जूट के थैले भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने स्थानीय समुदाय से सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और सड़क किनारे कचरा न फैलाने तथा कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता लक्षित इकाइयों को स्वच्छ एवं कचरा-मुक्त बनाए रखने के लिए समुदाय की निरंतर सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई तक सीमित नहीं, बल्कि जिम्मेदार व्यवहार और संसाधनों के संरक्षण की संस्कृति है। कचरे का स्रोत पर पृथक्करण, जल का विवेकपूर्ण उपयोग तथा पुन: उपयोग एवं पुनर्चक्रण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना ही ‘स्वच्छता ही सेवा’ की वास्तविक भावना है।
कार्यक्रम में रामपुर एचपीएस के सभी विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ महिला मंडल गांधीनगर, बायल तथा महिला मंडल बंगलादेश, बायल के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Share from A4appleNews:

Next Post

हिमाचल के क्लास-III पेंशनरों को अक्तूबर में 30% और क्लास-I व II को 15% पेंशन एरियर मिलेगा- मुख्यमंत्री

Wed Sep 23 , 2026
पेंशनरों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार प्रतिबद्ध: सुखविंद्र सिंह सुक्खूएप्पल न्यूज़, शिमला मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि 1 जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए क्लास-III पेंशनरों को उनके पेंशन एरियर का 30 प्रतिशत, जबकि क्लास-I और क्लास-II पेंशनरों को 15 प्रतिशत […]

You May Like

Breaking News