2 को ग्रामीण के घर रात बिताएंगे CM सुक्खू, काशापाट में सुनेंगे ग्रामीणों की समस्याएं, पहाड़ी संस्कृति को नजदीक से जानेंगे


एप्पल न्यूज | रामपुर बुशहर
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू 1 से 3 अक्तूबर तक शिमला जिला के रोहड़ू, चिरगांव, रामपुर और आसपास के क्षेत्रों के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा विकास योजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास के साथ-साथ ग्रामीणों से सीधे संवाद और उनकी समस्याओं को जानने पर केंद्रित रहेगा।
2 अक्तूबर को मुख्यमंत्री रामपुर पहुंचेंगे। दोपहर में हेलीकॉप्टर के माध्यम से शिंगला हेलीपैड पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां वे नोगली घाटी की जनता से संवाद करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। इस दौरान विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास भी प्रस्तावित हैं।
इसके बाद मुख्यमंत्री तकलेच और काशापाट का दौरा करेंगे। काशापाट में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत वे स्थानीय लोगों, महिला मंडलों और युवक मंडलों से सीधा संवाद करेंगे। ग्रामीण मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों, सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य समस्याएं और आवश्यकताएं रखेंगे।
काशापाट में कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री एक ग्रामीण के घर रात्रि ठहराव करेंगे। ग्रामीण के घर रात बिताने के दौरान मुख्यमंत्री क्षेत्र के लोगों की समस्याओं और स्थानीय जरूरतों को नजदीक से जानेंगे। मुख्यमंत्री के ग्रामीण क्षेत्र में रात्रि ठहराव को सरकार के ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत आम लोगों से सीधे जुड़ने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है।
इससे पहले 1 अक्तूबर को मुख्यमंत्री पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (सीबीएसई) में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे तथा एंटी चिट्टा रैली को हरी झंडी दिखाकर स्वयं भी इसमें भाग लेंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से चिरगांव जाएंगे, जहां नगर पंचायत मैदान में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम को ग्राम भटवारी, ग्राम पंचायत दियुड़ी मायला में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत स्थानीय जनता, महिला मंडलों तथा युवक मंडलों से संवाद करेंगे तथा वहां रात्रि ठहराव करेंगे।
3 अक्तूबर को मुख्यमंत्री सुबह करीब 9 बजे काशापाट से रवाना होंगे। इसके बाद वे लगभग 10:30 बजे नोगली पहुंचेंगे, जहां जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद सुबह 11:45 बजे पदम उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (सीबीएसई), रामपुर पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद करेंगे।
विद्यालय परिसर से मुख्यमंत्री एंटी चिट्टा रैली को हरी झंडी दिखाएंगे और स्वयं भी रैली में शामिल होंगे। नशे के खिलाफ आयोजित इस जन-जागरूकता कार्यक्रम में युवाओं और आम लोगों की भागीदारी रहेगी।
इसके बाद दोपहर करीब 1:05 बजे मुख्यमंत्री रामपुर सर्किट हाउस पहुंचेंगे, जहां दोपहर के भोजन का कार्यक्रम निर्धारित है। करीब 2:30 बजे सर्किट हाउस से रवाना होकर मुख्यमंत्री 2:45 बजे शिंगला हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर द्वारा शिमला के अनाडेल हेलीपैड के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंवाद, विकासात्मक योजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास, विद्यार्थियों से संवाद तथा नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम प्रमुख रहेंगे। ‘सरकार गांव के द्वार’ के तहत ग्रामीणों के बीच रात्रि ठहराव को स्थानीय लोगों की समस्याओं और विकास संबंधी जरूरतों को सीधे समझने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News