नेहरा में आधी रात को कमरे में घुसा तेंदुआ, 62 वर्षीय महिला को किया गंभीर घायल, ग्रामीणों में दहशत

एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर

उपमंडल रामपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत बाहली के नेहरा गांव में बुधवार रात करीब दो बजे एक तेंदुआ घर के कमरे में घुस गया और वहां सो रही 62 वर्षीय महिला पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले में किरी देवी, पत्नी स्वर्गीय बुध राम, के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार घटना के समय किरी देवी अपनी दो बेटियों के साथ कमरे में सो रही थीं। अचानक कमरे में तेंदुए के घुसने और महिला पर हमला करने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, दोनों बेटियां इस हमले में सुरक्षित रहीं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को उपचार के लिए खनेरी अस्पताल रामपुर पहुंचाया, जहां उन्हें भर्ती किया गया है।


घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वन विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल 10 हजार रुपये की राहत राशि भी प्रदान की गई।
ग्राम पंचायत बाहली की प्रधान बीना मेहता ने अस्पताल पहुंचकर घायल किरी देवी का हालचाल जाना और परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
घटना के बाद नेहरा गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा तेंदुए को पकड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

Share from A4appleNews:

Next Post

सुक्खू ने बच्चों से किया वादा निभाया, काशापाट और रचोली स्कूल भवनों के लिए 4 करोड़ जारी, भटवाड़ी और काशापाट प्रवास की गई घोषणाओं के लिए 15.75 करोड़ जारी

Thu Oct 8 , 2026
जन समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच बना ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम एप्पल न्यूज़, शिमला मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के दौरान बच्चों और स्थानीय लोगों से किए वायदे को पूरा करते हुए शिमला जिला के रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के भटवाड़ी और […]

You May Like

Breaking News