एप्पल न्यूज़, नारकंडा/रामपुर बुशहर
जिला शिमला पुलिस ने नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने इनके कब्जे से 9.28 किलोग्राम अफीम और ₹12 लाख की नकद राशि बरामद की है। यह कार्रवाई थाना कुमारसैन के अंतर्गत नारकंडा क्षेत्र में की गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 को डिटेक्शन सेल रामपुर की टीम को एक विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली थी कि तीन नेपाली मूल के व्यक्ति एक वाहन में अवैध रूप से अफीम की तस्करी कर रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नारकंडा में नाकाबंदी कर दी और संदिग्ध वाहन (इनोवा) को जांच के लिए रोका।
वाहन की तलाशी स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में ली गई, जिसमें पुलिस को 9.28 किलोग्राम अफीम और ₹12 लाख नकद बरामद हुए। इसके बाद तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एन बहादुर उर्फ राजू (41 वर्ष), चक्रा बहादुर (25 वर्ष) और मोहन साही (44 वर्ष) के रूप में हुई है, जो नेपाल के निवासी हैं।
इस संबंध में थाना कुमारसैन में अभियोग संख्या 27/2026 के तहत धारा 18 और 29 ND&PS एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क के अन्य कनेक्शनों और बैकवर्ड लिंक की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है और मामले की गहन जांच जारी है।






