कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने तक भाजपा का आंदोलन रहेगा जारी- डॉ बिंदल

IMG_20260514_180822
previous arrow
next arrow

तालाबंदी, टूटी सड़कें, महंगी बिजली-पानी और झूठी गारंटियों के खिलाफ अगस्त से मंडल स्तर पर शुरू होगा प्रदेशव्यापी आंदोलन

एप्पल न्यूज़, शिमला

भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश मुख्यालय दीपकमल में आयोजित भाजपा की विशेष बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार की जनविरोधी, वादाखिलाफी और भ्रष्ट नीतियों के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी पूरे प्रदेश में व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी।

उन्होंने कहा कि यह आंदोलन अगस्त माह से मंडल स्तर पर प्रारंभ होगा और चरणबद्ध तरीके से विधानसभा, जिला तथा प्रदेश स्तर तक चलाया जाएगा।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने से पहले जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज प्रदेश की जनता अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रही है।

सरकार ने प्रदेशभर में स्कूलों, कॉलेजों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, कार्यालयों, पशु चिकित्सालयों और अन्य सरकारी संस्थानों पर ताले लगाने का काम किया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों सहित आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा इन सभी जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और सरकार से जवाब मांगेगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की सड़कें बदहाल हैं, बिजली और पानी के बिलों का बोझ लगातार बढ़ाया गया है, किसानों, बागवानों, महिलाओं, युवाओं और कर्मचारियों से किए गए वादे पूरे नहीं किए गए। कांग्रेस ने चुनाव के समय 10 गारंटियों का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद 100 से अधिक झूठ बोलकर प्रदेश की जनता के साथ विश्वासघात किया है। बेरोजगार युवाओं को रोजगार नहीं मिला, महिलाओं को वादों का लाभ नहीं मिला और किसानों-बागवानों की समस्याएं लगातार बढ़ती गईं।

डॉ. बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता की आवाज़ बनकर इन सभी मुद्दों को लेकर गांव-गांव और घर-घर पहुंचेगी। मंडल स्तर से शुरू होने वाला यह जनआंदोलन निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा और प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र तथा जिले में कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों का पर्दाफाश किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भाजपा का यह आंदोलन केवल सांकेतिक नहीं होगा, बल्कि तब तक लगातार जारी रहेगा जब तक प्रदेश की इस जनविरोधी और भ्रष्ट कांग्रेस सरकार को सत्ता से उखाड़ नहीं फेंका जाता। भाजपा जनता के हितों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और प्रदेश की जनता को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर लोकतांत्रिक आंदोलन चलाएगी।

Share from A4appleNews:

Next Post

हिमाचल सरकार ने जुलाई माह में करुणामूलक रोजगार नीति के तहत 94 ग्रुप-सी कर्मचारियों को दी नियुक्ति

Sun Jul 26 , 2026
एप्पल न्यूज़, शिमला राज्य सरकार ने दिवंगत सरकारी कर्मचारियों के परिवारों के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए निदेशालय भर्ती, हिमाचल प्रदेश के माध्यम से जुलाई 2026 के दौरान करुणामूलक रोजगार नीति के तहत विभिन्न विभागों में 94 ग्रुप-सी कर्मचारियों को नियुक्ति प्रदान की है।यह नियुक्तियां जल शक्ति, […]

You May Like

Breaking News