एप्पल न्यूज़, मनाली कुल्लू
कुल्लू जिले के मनाली में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक जिमनी (Jimny) गाड़ी अनियंत्रित होकर मनालसू नाले में जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना देर रात हुई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद सभी पांच युवकों को नाले से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन घायलों का उपचार जारी है। घायलों की हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
शुरुआती अनुमान के अनुसार तेज रफ्तार या वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण हादसा हुआ हो सकता है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस मृतकों की पहचान और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया में जुटी है। साथ ही वाहन को नाले से बाहर निकालने की कार्रवाई भी की जा रही है।






