एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर
नगर परिषद रामपुर ने शहर के विकास कार्यों के साथ-साथ समाजसेवा की दिशा में भी कदम बढ़ाते हुए मानवता का संदेश दिया है। नगर परिषद हॉल में रक्तदान सेवा परिवार और सेना की झाकड़ी यूनिट के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 28 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया।

रक्तदान शिविर का शुभारंभ डीएफओ रामपुर गुरहर्ष सिंह ने किया। इस अवसर पर सेना के सीओ भी विशेष रूप से मौजूद रहे। शिविर में सेना के जवानों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए सबसे अधिक संख्या में रक्तदान किया। सेना के अधिकारियों और जवानों ने नगर परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए लोगों से रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के लिए बढ़-चढ़कर आगे आने की अपील की।

इस दौरान रामपुर बुशहर के समाजसेवी विनय शर्मा ने 32वीं बार रक्तदान कर समाज के सामने मिसाल पेश की। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने से शरीर में कमजोरी नहीं आती, बल्कि शरीर में नया रक्त बनने की प्रक्रिया शुरू होती है और इससे नई ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।

नगर परिषद अध्यक्ष करण शर्मा ने कहा कि नगर परिषद ने राजनीति के बजाय समाजसेवा को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया है। शहर के विकास कार्यों के साथ-साथ स्वच्छता, रक्तदान और अन्य सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों में भी नगर परिषद अपनी भूमिका निभाएगी।
उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी लोगों, रक्तदान सेवा परिवार और सेना की झाकड़ी यूनिट का आभार जताया तथा भविष्य में भी इसी तरह के सामाजिक कार्यों में सहयोग की उम्मीद जताई।
नगर परिषद की इस पहल को शहर के विकास के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।








