आजादी की पूर्व संध्या पर रामपुर बुशहर में चोरों का आतंक, 4 मंदिरों एक दुकान के ताले तोड़कर दानपात्र ले उड़े चोर


एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के बीच रामपुर बुशहर में चोरों ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आजादी की पूर्व संध्या पर चोरों ने एक साथ शहर के तीन मंदिरों को निशाना बनाते हुए ताले तोड़ दिए और वहां रखे दानपात्र चोरी कर लिए। सुबह जब श्रद्धालु मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंचे तो चोरी की वारदात का पता चला।
जानकारी के अनुसार रामपुर के मध्य स्थित श्री संकट मोचन महावीर मंदिर, नाडू बावड़ी स्थित शनि धाम और संकट मोचन मंदिर में चोरों ने रात के अंधेरे में ताले तोड़े। मंदिरों में रखे दानपात्र भी चोर अपने साथ ले गए।

स्थानीय लोगों ने आसपास तलाश की तो कुछ दूरी पर गलियों में दानपात्र पड़े मिले, लेकिन उनमें मौजूद नकदी गायब थी। आशंका जताई जा रही है कि चोर दानपात्रों को मंदिरों से बाहर ले जाकर उनमें रखी नकदी निकालकर फरार हो गए।
चोरी की वारदात का सिलसिला मंदिरों तक ही सीमित नहीं रहा। जगतखाना पुल के समीप एक दुकान का ताला भी तोड़कर चोरी का प्रयास किया गया। वहीं, करीब दो दिन पहले पुरोहित मंदिर का दानपात्र भी चोरी होने की बात सामने आई थी। लगातार हो रही इन वारदातों से स्थानीय लोगों में रोष और चिंता का माहौल है।


लोगों का कहना है कि शहर में रात के समय पुलिस गश्त के आदेश होने के बावजूद चोर लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। एक ही रात में तीन मंदिरों को निशाना बनाए जाने से यह आशंका भी जताई जा रही है कि वारदातों के पीछे कोई संगठित गिरोह हो सकता है, जो धार्मिक स्थलों को निशाना बना रहा है।


स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने, मंदिरों और संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बीच अब पुलिस के सामने चोरों को पकड़ने के साथ-साथ शहरवासियों में सुरक्षा को लेकर भरोसा कायम करने की बड़ी चुनौती है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Share from A4appleNews:

Next Post

80वें स्वतंत्रता दिवस पर शिमला के रिज में जिला स्तरीय समारोह, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने फहराया तिरंगा

Sat Aug 15 , 2026
एप्पल न्यूज़, शिमला देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में जिला स्तरीय समारोह पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में आयोजित किया गया। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराया, परेड का निरीक्षण किया और भव्य मार्च पास्ट की […]

You May Like

Breaking News