रास्ता भटकने के बाद घने जंगल में फंसे थे श्रद्धालु, अंधेरे और दुर्गम परिस्थितियों के बीच पुलिस ने चलाया सर्च अभियानएप्पल न्यूज़, चूड़धार/शिमला
चूड़धार क्षेत्र में यात्रा से लौटते समय जंगल में रास्ता भटक गए चार श्रद्धालुओं को शिमला पुलिस ने रातभर चले सर्च एवं रेस्क्यू अभियान के बाद सुरक्षित बचा लिया। 13 सितंबर की रात 112 कंट्रोल रूम शिमला के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ श्रद्धालु चूड़धार यात्रा से वापस लौटते समय जंगल में रास्ता भटक गए हैं और उन्हें अपनी सही लोकेशन का पता नहीं चल पा रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस थाना चौपाल की टीम ने बिना समय गंवाए दुर्गम और घने जंगल वाले चूड़धार क्षेत्र में रात के समय सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया। अंधेरा होने और क्षेत्र की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद पुलिस जवानों ने लगातार तलाश अभियान जारी रखा।
कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने आधी रात के दौरान दो युवकों को पताल खड्ड की ओर जंगल से सकुशल रेस्क्यू किया। रेस्क्यू किए गए युवकों की पहचान 22 वर्षीय राहुल और 21 वर्षीय साकेत, दोनों निवासी मोहाली, पंजाब के रूप में हुई।

इसी दौरान पुलिस को दो अन्य श्रद्धालुओं के भी चूड़धार क्षेत्र में रास्ता भटकने की सूचना मिली। इनमें 26 वर्षीय राहुल और उनकी 24 वर्षीय पत्नी मधु, निवासी जिला करनाल, हरियाणा शामिल थे। पुलिस टीम ने अपना अभियान जारी रखते हुए घने जंगल और अंधेरे के बीच दोनों की तलाश शुरू की और उन्हें भी सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
रेस्क्यू किए गए सभी चार श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया, जहां उन्हें ठहराया गया। पुलिस टीम द्वारा उन्हें सुरक्षित वापस लाया जा रहा है।
शिमला पुलिस के जवानों ने रात के अंधेरे, दुर्गम जंगल और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच जिस साहस, तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया, वह सराहनीय है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चार श्रद्धालुओं को समय रहते सुरक्षित बचाया जा सका।




