IMG-20261001-WA0025
previous arrow
next arrow

CM के दौरे से “रामपुर को जिला” बनाने की मांग फिर तेज, मेडिकल कॉलेज और ट्रॉमा सेंटर खोलने की रखेंगे पुरजोर मांग

रामपुर को जिला बनाने की मांग फिर तेज, मुख्यमंत्री के समक्ष उठेगा मुद्दा
मेडिकल कॉलेज और ट्रॉमा सेंटर खोलने की भी होगी मांग, सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को प्रशासनिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद

एप्पल न्यूज, रामपुर बुशहर
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के रामपुर दौरे के दौरान रामपुर को जिला बनाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने जा रही है। स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से मुख्यमंत्री के समक्ष रामपुर को जिला बनाने के साथ-साथ मेडिकल कॉलेज और ट्रॉमा सेंटर खोलने की मांग भी प्रमुखता से रखी जाएगी। हिमकॉन के चेयरमैन विकेश चौहान गिन्नी ने बताया कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान क्षेत्र की इन महत्वपूर्ण मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
रामपुर बुशहर भौगोलिक दृष्टि से तीन जिलों शिमला, किन्नौर, कुल्लू और मंडी की सीमाओं से जुड़ा हुआ क्षेत्र है। वर्तमान में रामपुर शिमला जिले का हिस्सा है, जबकि सतलुज नदी के पार का क्षेत्र कुल्लू और कुछ क्षेत्र जिले में आता है। ऐसे में प्रशासनिक सीमाओं के कारण आसपास के लोगों को सरकारी कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।


सतलुज पार कुल्लू जिले के क्षेत्रों के लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए कुल्लू मुख्यालय तक जाना पड़ता है। इसी तरह मंडी जिले से जुड़े सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को भी जिला मुख्यालय तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रामपुर को जिला बनाए जाने से इन क्षेत्रों के लोगों को प्रशासनिक सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध हो सकेंगी और समय व धन दोनों की बचत होगी।
तीन जिलों की आबादी को मिल सकता है लाभ
रामपुर को जिला बनाने की मांग लंबे समय से उठती रही है। समर्थकों का तर्क है कि रामपुर को जिला मुख्यालय बनाए जाने पर शिमला, कुल्लू और मंडी जिलों के सीमावर्ती क्षेत्रों की बड़ी आबादी को इसका सीधा लाभ मिल सकता है। इससे प्रशासनिक कामकाज के लिए दूर स्थित जिला मुख्यालयों पर निर्भरता कम होगी।
वहीं, क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए मेडिकल कॉलेज और ट्रॉमा सेंटर खोलने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी जाएगी। रामपुर और आसपास के दुर्गम क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं और आपातकालीन परिस्थितियों में गंभीर मरीजों को बड़े स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाने में समय लगता है। ऐसे में ट्रॉमा सेंटर की मांग को स्थानीय स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हिमकॉन के चेयरमैन विकेश चौहान गिन्नी ने कहा कि मुख्यमंत्री के समक्ष रामपुर को जिला बनाने, मेडिकल कॉलेज और ट्रॉमा सेंटर खोलने की मांग प्रमुखता से रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि रामपुर की भौगोलिक स्थिति और आसपास के क्षेत्रों की जरूरतों को देखते हुए इन मांगों पर सरकार से सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा है।
विकेश चौहान ने कल नोगली में आयोजित होने वाली मुख्यमन्त्री की जनसभा में ज्यादा से ज्यादा लोगों के पहुंचने की अपील की है।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News