एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर
सर्वपल्ली राधाकृष्णन बी.एड./एम.एड. एवं डिग्री कॉलेज, बालना (नोगली) में नवागंतुक प्रशिक्षुओं के स्वागतार्थ फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन हर्षोल्लास, उमंग एवं उत्साह के साथ किया गया। समारोह का मुख्य विषय ‘संकल्प: शिक्षा से सृजन तक’ रहा, जिसने शिक्षा, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और नए सपनों को साकार करने के दृढ़ संकल्प का प्रेरणादायक संदेश दिया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से माननीय श्री राजीव धीमान उप-रजिस्ट्रार (Academic) ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनकी गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात संस्थान परिवार की ओर से नवागंतुक प्रशिक्षुओं का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। पूरे परिसर में उत्साह, उमंग और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। समारोह के दौरान प्रशिक्षुओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। गीत-संगीत, नृत्य, कविता और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। प्रशिक्षुओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विभिन्न उपाधियों के लिए आयोजित प्रतियोगिताएं रहीं। इसमें राहुल गिरी को मिस्टर शो स्टॉपर तथा पूजा को मिस शो स्टॉपर के खिताब से नवाजा गया। वहीं कुशल ने मिस्टर फियरलेस और रिया ने मिस फियरलेस का खिताब अपने नाम किया।

इसके अतिरिक्त जतिन मेहता को मिस्टर फ्रेशर तथा उपमा को मिस फ्रेशर चुना गया। सभी प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और शानदार मंचीय प्रस्तुति से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। विजेताओं को उनकी शानदार प्रस्तुति एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी गई। मुख्य अतिथि श्री राजीव धीमान की उपस्थिति ने प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्धन किया। समारोह का उद्देश्य नवागंतुक प्रशिक्षुओं को संस्थान के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण से परिचित करवाने के साथ उनमें आत्मविश्वास विकसित करना तथा वरिष्ठ एवं कनिष्ठ प्रशिक्षुओं के बीच आपसी समन्वय, सहयोग और सौहार्द की भावना को मजबूत करना रहा

। इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार शर्मा ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए शिक्षा के साथ अनुशासन, परिश्रम, सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नवागंतुक विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रशिक्षु के भीतर कोई न कोई विशेष प्रतिभा छिपी होती है, जिसे सही दिशा, अवसर और निरंतर प्रयासों से निखारा जा सकता है। संस्थान की प्राचार्या डॉ. सीमा भारद्वाज ने नवागंतुक प्रशिक्षुओं का स्वागत करते हुए कहा कि कॉलेज जीवन प्रत्येक प्रशिक्षु के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। यह समय केवल शैक्षणिक ज्ञान अर्जित करने का ही नहीं, बल्कि अपनी प्रतिभा को पहचानने, नए कौशल विकसित करने और जीवन में आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त करने का भी है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को संस्थान परिवार का अभिन्न अंग बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षुओं ने आयोजन का भरपूर आनंद लिया। फ्रेशर्स पार्टी ने नवागंतुक प्रशिक्षुओं के मन में संस्थान के प्रति अपनत्व, उत्साह और नई उम्मीदों का संचार किया। इस प्रकार ‘संकल्प: शिक्षा से सृजन तक’ के प्रेरणादायक संदेश के साथ आयोजित यह समारोह विद्यार्थियों के लिए यादगार बन गया।



