IMG_20261107_092748
previous arrow
next arrow

शादी की खुशियां मातम में बदली, पंडोह डैम के पास खाई में गिरी बारातियों की कार, 5 की मौत

एप्पल न्यूज, मंडी

मंडी जिला के पंडोह क्षेत्र में शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा उस समय हो गया, जब एक शादी समारोह से लौट रही कार अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

हादसा इतना भयानक था कि कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में आठ माह की एक नन्ही बच्ची भी शामिल है।

यह हादसा उस वक्त हुआ जब बारात गोहर उपमंडल के तरौर गांव से सराज क्षेत्र के भाटकीधार में आयोजित विवाह समारोह से लौट रही थी।

जानकारी के अनुसार दूल्हे का बड़ा भाई दुनी चंद, अपनी पत्नी कांता देवी, आठ महीने की बेटी काजल और दो अन्य बारातियों के साथ थोड़ी जल्दी रवाना हो गया था ताकि घर पहुंचकर विवाह की अगवानी और अन्य तैयारियों की देखरेख कर सके।

लेकिन पंडोह-बाखली सड़क पर पंडोह डैम के समीप उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में लुढ़क गई।

कार के कई बार पलटने से वह पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और शवों को निकालने के लिए राहत टीमों को कार का ढांचा काटना पड़ा।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

मृतकों की पहचान 35 वर्षीय दुनी चंद पुत्र रमेश कुमार, उसकी पत्नी 30 वर्षीय कांता देवी, उनकी आठ माह की बेटी काजल, दाहलु राम पुत्र थलिया राम निवासी गांव नौण और नेपाल मूल की मीना देवी के रूप में हुई है।

पुलिस ने सदर थाना मंडी में मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने पूरे गांव और परिजनों को गहरे शोक में डुबो दिया है।

शादी की चहल-पहल वाले घर में अब मातम पसरा हुआ है, जहां जश्न की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब आंसुओं का सन्नाटा है।

यह घटना न केवल उस परिवार के लिए, बल्कि पूरे इलाके के लिए एक असहनीय त्रासदी बनकर आई है।

Share from A4appleNews:

Next Post

हिमाचल सरकार ने बदले 4 HAS अधिकारी, मुकेश शर्मा SDM कुमारसेन तैनात

Sat Apr 26 , 2025
एप्पल न्यूज, शिमला हिमाचल सरकार ने एक अधिसूचना जारी कर 4 HAS अधिकारियों का स्थानांतरण कर दिया है। SDM ठियोग मुकेश शर्मा अब SDM कुमारसेन तैनात किए गए हैं। पढ़ें अधिसूचना

You May Like

Breaking News