एप्पल न्यूज़,ठियोग
पुलिस थाना ठियोग में एफआईआर संख्या 22/2026, दिनांक 28.02.2026, धारा 103(1) (302 आईपीसी) के अंतर्गत ग्राम जराई, डाकघर देवगढ़, तहसील ठियोग, जिला शिमला से संबंधित एक संदिग्ध हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
यह मामला ग्राम जराई निवासी जगदीश के बयान पर पंजीकृत किया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने अपने बाग में स्थित डेरे के दो कमरों में कार्य के लिए एक नेपाली परिवार को ठहराया हुआ था। परिवार में सुरेश (नेपाली), उसकी पत्नी, तीन बेटियाँ, दो बेटे तथा उसका भांजा धनी राम शामिल थे।
दिनांक 28 फरवरी 2026 की सुबह जब जगदीश डेरे पर पहुँचे तो दोनों कमरे बाहर से बंद पाए गए। जांच करने पर एक कमरा खाली मिला, जबकि दूसरे कमरे में धनी राम फर्श पर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। जांच करने पर वह मृत पाया गया।
शिकायतकर्ता ने संदेह व्यक्त किया कि सुरेश (नेपाली) ने रात्रि के दौरान धनी राम की हत्या कर अपने परिवार सहित मौके से फरार हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची।
घटनास्थल का निरीक्षण फॉरेंसिक टीम एवं एस.एफ.एस.एल. जुंगा द्वारा किया गया। उप पुलिस अधीक्षक, ठियोग ने भी मौके का जायजा लिया।
घटनास्थल से भौतिक एवं डिजिटल साक्ष्य एकत्रित किए गए तथा मामले की जांच के लिए एसआईटी (SIT) का गठन किया गया।
जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और संदिग्ध की तलाश के लिए तीन अलग-अलग टीमें गठित की गईं। संदिग्ध का विवरण मीडिया के माध्यम से भी प्रसारित किया गया।
स्थानीय लोगों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण एवं खुफिया जानकारी के आधार पर यह पता चला कि आरोपी सुरेश शरमला पंचायत के गांव शर्मठू में छिपा हुआ है।
दिनांक 01.03.2026 को पुलिस टीम ने शर्मठू गांव में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने शराब के नशे में पुरानी रंजिश के चलते एक कृषि उपकरण से वार कर धनी राम की हत्या की।
शिमला पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर हिरासत में लिया गया। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।






