IMG-20261001-WA0025
previous arrow
next arrow

छात्रा की मांग पर रचोली स्कूल भवन के लिए CM ने किए 2 करोड़ घोषित, ‘एंटी चिट्टा’ रैली को दिखाई हरी झंडी, बोले- मोबाईल का इस्तेमाल कम करें

एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर
रामपुर बुशहर स्कूल में विद्यार्थियों से सीधा संवाद, शिक्षा, पर्यटन और नशा मुक्ति पर हुई चर्चा; ‘एंटी चिट्टा’ रैली को दिखाई हरी झंडी
रामपुर बुशहर, 3 अक्तूबर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर बुशहर में विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, पर्यटन, सामाजिक समानता, शिक्षकों की गैर-शैक्षणिक ड्यूटी और नशे सहित विभिन्न विषयों पर मुख्यमंत्री से सवाल किए और अपनी मांगें भी रखीं।
संवाद के दौरान एक छात्रा ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रचौली के भवन निर्माण की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। छात्रा ने बताया कि विद्यालय वर्तमान में दो स्थानों पर संचालित हो रहा है तथा एक स्थान पर पर्याप्त भूमि उपलब्ध है, जहां स्कूल भवन का निर्माण किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने मांग को स्वीकार करते हुए विद्यालय भवन निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यदि भवन निर्माण के लिए इससे अधिक धनराशि की आवश्यकता होगी तो राज्य सरकार अतिरिक्त राशि भी उपलब्ध करवाएगी।
राजनीति को जनसेवा का माध्यम बताया
एक छात्रा ने मुख्यमंत्री से पूछा कि उन्होंने राजनीति को ही देशसेवा का माध्यम क्यों चुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह राजनीति के माध्यम से देशसेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को उसी क्षेत्र में कार्य करना चाहिए, जिसमें उसकी रुचि हो। उन्होंने बताया कि छात्र जीवन से ही उनकी रुचि राजनीति में रही है और राजनीति भी जनसेवा का एक माध्यम है।
एक विद्यार्थी ने पूछा कि यदि वह राजनीति में नहीं होते तो क्या करते। मुख्यमंत्री ने सहजता से जवाब दिया कि वह खेती-बाड़ी करते।
समाज में बढ़ती अमीर-गरीब की खाई से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने इसे चिंतनीय विषय बताया और कहा कि समाज में समानता आवश्यक है। राज्य सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है।
विद्यार्थियों के साथ संवाद के दौरान जब मुख्यमंत्री से उनके पसंदीदा भोजन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें हिमाचल के पारंपरिक स्थानीय व्यंजन पसंद हैं और सिड्डू उनका पसंदीदा व्यंजन है।


मेहनत से बनते हैं सफलता के रास्ते
एक विद्यार्थी ने पूछा कि क्या उन्होंने छात्र जीवन में कभी मुख्यमंत्री बनने के बारे में सोचा था। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यक्ति जिस दिशा में कर्म और मेहनत करता है, उसी दिशा में रास्ते बनते जाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी।
एक विद्यार्थी ने रामपुर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की मांग भी रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर परिवर्तन हो रहा है और राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा गुणवत्तापूर्ण संस्थानों के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है।
शिक्षकों की गैर-शैक्षणिक ड्यूटी कम करने का आश्वासन
विद्यार्थियों ने स्कूलों में शिक्षकों को लंबे समय तक गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाए जाने का मुद्दा भी उठाया। विद्यार्थियों ने कहा कि इससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस दिशा में सुधार कर रही है और प्रयास किया जा रहा है कि शिक्षकों की गैर-शैक्षणिक ड्यूटी को कम किया जाए, ताकि वे विद्यार्थियों को अधिक समय दे सकें।
एक छात्रा ने अपने स्कूल में हिंदी विषय के केवल एक शिक्षक होने की समस्या भी रखी। उसने बताया कि विद्यालय में करीब 150 विद्यार्थी हैं और एक अतिरिक्त हिंदी शिक्षक की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने आवश्यकतानुसार अतिरिक्त शिक्षक उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।


अयोध्या एक्सपोजर विजिट का छात्रा ने साझा किया अनुभव
एक छात्रा ने बताया कि वह पिछले सप्ताह राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित एक्सपोजर विजिट के तहत अयोध्या गई थी। उसने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस दौरान उसे पहली बार हवाई यात्रा करने और नया अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला।
छात्रा ने पर्यटन के माध्यम से उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने का उल्लेख करते हुए हिमाचल में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी मांगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने हिमाचल की समृद्ध देव संस्कृति, देवी-देवताओं के धार्मिक स्थलों और शक्तिपीठों का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान राम हमारे आराध्य हैं और इसी उद्देश्य से विद्यार्थियों को अयोध्या एक्सपोजर विजिट पर भेजा गया।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में हर वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं और राज्य सरकार पर्यटन से जुड़ी अधोसंरचना को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दे रही है।


मोबाइल का कम इस्तेमाल करने की सलाह
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से मोबाइल फोन का कम से कम इस्तेमाल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने स्कूलों में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पाबंदी लगाई है और विद्यार्थियों को इसका पालन करना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बचपन जीवन का सबसे अच्छा समय होता है। विद्यार्थियों को इस समय का सदुपयोग करते हुए पढ़ाई, खेल और अन्य रचनात्मक गतिविधियों पर ध्यान देना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने दिखाई ‘एंटी चिट्टा’ रैली को हरी झंडी
संवाद कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर बुशहर से ‘एंटी चिट्टा’ रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं भी रैली में शामिल हुए।
रैली में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने हाथों में नशा विरोधी संदेश लिखी तख्तियां लेकर नशे के खिलाफ नारे लगाए। रैली चौधरी अड्डा से होते हुए मुख्य बाजार पहुंची और वापस स्कूल मैदान में समाप्त हुई।
रैली के समापन पर मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाधिवक्ता अनूप रत्न, हिमकोन के अध्यक्ष विकेश चौहान, मिल्कफेड के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर, राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम, नशा निवारण बोर्ड के सह-संयोजक संजय भारद्वाज, पूर्व विधायक किशोरी लाल, कांग्रेस उपाध्यक्ष परस राम, कांग्रेस नेता बृज लाल, मंडल अध्यक्ष लालचंद शर्मा, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News