एप्पल न्यूज़, शिमला
जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना ढली क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को चिट्टा/हेरोइन सहित गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियोग संख्या 37/2026, अधीन धारा 21 एवं 29 ND&PS Act के तहत यह मामला 14 मई 2026 को पुलिस थाना ढली में दर्ज किया गया।

स्पैशल सैल शिमला और थाना ढली की संयुक्त टीम क्षेत्र में गश्त एवं अपराधों की रोकथाम के लिए बैमलोई, छोटा शिमला, संजौली और ढली क्षेत्र में तैनात थी। इसी दौरान ढली चौक पर पुलिस टीम को विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली कि दो व्यक्ति क्षेत्र में चिट्टा/हेरोइन की सप्लाई कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में ढली क्षेत्र में दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी तरविन्द्र सिंह पुत्र इन्द्रजीत सिंह निवासी पटियाला, पंजाब (उम्र 22 वर्ष) तथा मोहित कुमार पुत्र लखवीर सिंह निवासी पटियाला, पंजाब (उम्र 29 वर्ष) के कब्जे से करीब 8 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर उनके खिलाफ ND&PS Act की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है।
आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश करने के बाद चार दिन की पुलिस हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं।







