file_0000000034e482078c2661b357b797a7
previous arrow
next arrow
1009758965
previous arrow
next arrow

शिमला में भालुओं का बढ़ता आतंक, कोटखाई में 23 हमले; रामपुर से 12 भालू किए गए रेस्क्यू, दिन में ही दिख रहे भालू प्रशासन अलर्ट

IMG_20261107_092748
previous arrow
next arrow

दिन में भी आबादी और खेतों में दिख रहे भालू, मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने के लिए जिला प्रशासन तैयार करेगा व्यापक कार्ययोजना
एप्पल न्यूज़, शिमला

शिमला जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भालुओं के बढ़ते हमलों और मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं ने जिला प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। कोटखाई क्षेत्र में भालुओं के हमले की 23 घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जबकि रामपुर उपमंडल के काशापाट, दंसां और सराहन क्षेत्रों में भी भालुओं के हमलों और आवाजाही की सूचनाएं मिली हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने मानव जीवन की सुरक्षा के लिए विभिन्न विभागों के साथ मिलकर व्यापक कार्ययोजना तैयार करने की पहल की है।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने शुक्रवार को वन विभाग, विभिन्न उपमंडलों के एसडीएम, खंड विकास अधिकारियों, पर्यटन विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। बैठक में प्रभावित ग्राम पंचायतों के प्रधानों ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया और अपने क्षेत्रों में भालुओं की बढ़ती गतिविधियों, हमलों तथा ग्रामीणों को पेश आ रही समस्याओं से अवगत करवाया।

बैठक में बताया गया कि हाल के दिनों में भालुओं के हमलों में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कुछ घायलों को आईसीयू में भी उपचार देना पड़ा है। भालुओं की बढ़ती आवाजाही से ग्रामीण क्षेत्रों में भय का माहौल है। इसके अलावा मटर सहित अन्य पारंपरिक फसलों को नुकसान पहुंचने से ग्रामीण परिवारों की आजीविका भी प्रभावित हो रही है।

उपायुक्त ने वन विभाग को भालुओं की वास्तविक संख्या, उनके व्यवहार और आवाजाही के बदलते पैटर्न का वैज्ञानिक आकलन करने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में पर्यावरणीय और मौसमी परिस्थितियों के साथ भालुओं के शीतनिद्रा चक्र में संभावित बदलाव पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जंगलों में लगने वाली आग से वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास और भोजन के स्रोत प्रभावित होते हैं। इसके चलते जंगली जानवर भोजन की तलाश में खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों की ओर रुख कर सकते हैं। लोगों को जंगलों और खेतों में आग न लगाने के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।

अब दिन के समय भी आबादी के आसपास दिख रहे भालू
बैठक में भालुओं के व्यवहार और उनकी गतिविधियों में आ रहे बदलाव पर भी चर्चा हुई। पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बताया कि पहले भालुओं की आवाजाही की अधिकतर घटनाएं सूर्यास्त के बाद और सूर्योदय से पहले सामने आती थीं, लेकिन अब दिन के समय भी खेतों और रिहायशी क्षेत्रों के आसपास भालू दिखाई दे रहे हैं। कई स्थानों पर मादा भालू अपने दो से तीन शावकों के साथ भी देखी गई हैं।
उपायुक्त ने वन विभाग को भालुओं की वास्तविक संख्या, उनके व्यवहार और आवाजाही के बदलते पैटर्न का वैज्ञानिक आकलन करने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में पर्यावरणीय और मौसमी परिस्थितियों के साथ भालुओं के शीतनिद्रा चक्र में संभावित बदलाव पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जंगलों में लगने वाली आग से वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास और भोजन के स्रोत प्रभावित होते हैं। इसके चलते जंगली जानवर भोजन की तलाश में खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों की ओर रुख कर सकते हैं। लोगों को जंगलों और खेतों में आग न लगाने के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।
हर पंचायत को दिए जाएंगे वन अधिकारियों के संपर्क नंबर
उपायुक्त ने वन विभाग को निर्देश दिए कि सभी प्रभावित ग्राम पंचायतों को संबंधित वन अधिकारियों और फील्ड कर्मचारियों के संपर्क नंबर उपलब्ध करवाए जाएं, ताकि भालू दिखाई देने या किसी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जा सके। उन्होंने कहा कि समय पर सूचना और त्वरित कार्रवाई से मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोकने में मदद मिल सकती है।
बैठक में पशुशालाओं के दरवाजों को मजबूत बनाने और उन्हें सुरक्षित तरीके से बंद रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा ग्रामीणों को सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करने पर चर्चा हुई। कुछ संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षित पिंजरे लगाने और अन्य उपयुक्त व्यवस्थाएं करने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।

आंगनबाड़ी केंद्रों और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर
उपायुक्त ने भालू प्रभावित क्षेत्रों में स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों और बच्चों की नियमित आवाजाही वाले संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारियों को ऐसे केंद्रों का आकलन कर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने को कहा गया। साथ ही अभिभावकों को भी भालुओं की आवाजाही वाले क्षेत्रों में बच्चों की सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर बल दिया गया।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी को पर्यटकों और ट्रेकिंग पर आने वाले लोगों के लिए एडवाइजरी जारी करने के निर्देश दिए गए, ताकि भालू प्रभावित क्षेत्रों में आवाजाही के दौरान आवश्यक सावधानियां बरती जा सकें।

अस्पतालों में आपातकालीन उपचार की व्यवस्था के निर्देश
भालू के हमले में घायल होने वाले लोगों को तत्काल उपचार उपलब्ध करवाने के लिए उपायुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जिले के सभी संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाइयां, चिकित्सा उपकरण, प्राथमिक उपचार सामग्री और आपातकालीन सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यशपाल रांटा ने बैठक में बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर टिटनेस इंजेक्शन, एंटी रेबीज वैक्सीन और इम्युनोग्लोबुलिन सहित आवश्यक दवाइयां उपलब्ध हैं।

रामपुर में रैपिड रेस्क्यू टीम तैनात, 12 भालू किए शिफ्ट
बैठक में डीएफओ रामपुर ने जानकारी दी कि रामपुर उपमंडल के काशापाट, दंसां और सराहन क्षेत्रों में भालुओं के हमलों की घटनाएं सामने आई हैं। स्थिति से निपटने के लिए रामपुर में रैपिड रेस्क्यू टीम तैनात की गई है। वन विभाग द्वारा विभिन्न स्थानों से अब तक 12 भालुओं को रेस्क्यू कर वन्यजीव अभयारण्यों में स्थानांतरित किया गया है।
वहीं, डीएफओ ठियोग ने बताया कि अकेले कोटखाई क्षेत्र में भालुओं के हमले की 23 घटनाएं दर्ज की गई हैं। उन्होंने कहा कि भालुओं की नियमित जनगणना नहीं होने के कारण उनकी वर्तमान वास्तविक संख्या का आकलन करना मुश्किल है। अधिकांश हमलों की घटनाएं रात 12 बजे से सुबह 3 बजे के बीच सामने आई हैं। बैठक में सुन्नी, डोडरा क्वार, रोहड़ू और चौपाल के एसडीएम ने भी अपने क्षेत्रों में भालुओं की आवाजाही और संभावित खतरे को लेकर जानकारी साझा की।

वन विभाग के अधिकारियों ने भालुओं को मानव बस्तियों से दूर रखने के लिए कुछ संभावित उपाय भी सुझाए। इनमें लाल मिर्च पाउडर मिले गोबर के उपले जलाने, पशुशालाओं के बाहर इलेक्ट्रिक फुट मैट लगाने, जानवरों को दूर रखने वाले उपकरणों और बेयर स्प्रे के इस्तेमाल जैसे उपायों पर चर्चा की गई।
पंचायत प्रधान ने साझा किया भालू के हमले का अनुभव
काशापाट क्षेत्र की कंडी पंचायत के प्रधान ब्यासू राम ने बैठक में बताया कि हाल ही में उनकी पंचायत में एक व्यक्ति पर भालू ने हमला किया था। उन्होंने घटना की सूचना तुरंत उपायुक्त और स्थानीय प्रशासन को दी थी। उपायुक्त ने उनकी तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय पर सूचना मिलने से घायल व्यक्ति को तत्काल इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला पहुंचाने और उपचार उपलब्ध करवाने में मदद मिली।
प्रधान ने क्षेत्र में मटर सहित अन्य पारंपरिक फसलों को भालुओं से हो रहे नुकसान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि भेड़पालकों को भी अपनी और अपने पशुधन की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

उपायुक्त की लोगों से सतर्क रहने की अपील

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने लोगों से भालू प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से अकेले बाहर न निकलने की अपील की। उन्होंने बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा भालू दिखाई देने या किसी अप्रिय घटना की स्थिति में तुरंत वन विभाग अथवा जिला प्रशासन को सूचना देने का आग्रह किया।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और अपने-अपने क्षेत्रों से वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक सुझाव देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानव जीवन की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मानव-वन्यजीव संघर्ष की चुनौती से निपटने के लिए केवल प्रशासनिक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि वन विभाग, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय समुदायों की सामूहिक भागीदारी भी जरूरी है।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्ञान सागर नेगी, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, सीएमओ डॉ. यशपाल रांटा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी जगदीश शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) ममता पॉल सहित वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। विभिन्न उपमंडलों के एसडीएम और डीएफओ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News