एप्पल न्यूज़, सुन्नी /शिमला
जिला शिमला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुन्नी पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक गाड़ी से करीब 195 ग्राम अफीम और 68 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने गाड़ी में सवार मंडी जिला के दो व्यक्तियों को मामले में नामजद किया है।
पुलिस थाना सुन्नी की टीम ने अपर भारगन स्थित जंगल मोड़ के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की। इसी दौरान माधोघाट की ओर से आ रही एक गाड़ी को संदेह के आधार पर जांच के लिए रोका गया। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में गाड़ी की तलाशी लेने पर पीछे की डिक्की में रखे एक कैरी बैग से करीब 195 ग्राम अफीम और 68 हजार रुपये नकद बरामद हुए।

पुलिस ने इस मामले में गुरजीत सिंह (36) निवासी तहसील करसोग तथा करम दास (49) निवासी तहसील निहरी, जिला मंडी को आरोपी बनाया है। दोनों के कब्जे से यह नशीला पदार्थ और नकदी बरामद की गई।
पुलिस थाना सुन्नी में 19 नवंबर 2026 को FIR संख्या 59/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 और 29 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है। बरामद अफीम के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने के लिए भी जांच की जा रही है।


















