एप्पल न्यूज़, कुल्लू
जिला कुल्लू के बंजार उपमंडल की ग्राम पंचायत गाडा पारली के दुर्गम गांव शाकटी में नाग देवता जी के मंदिर परिसर से जुड़े एक घर में भीषण आग लगने की सूचना प्राप्त हुई है। आग की घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग तेजी से फैलने के कारण स्थानीय लोग स्वयं राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। गांव दुर्गम क्षेत्र में स्थित होने के चलते मौके पर राहत दलों और अग्निशमन सेवाओं को पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभागों से तत्काल राहत एवं बचाव दल भेजने, नुकसान का आकलन करने तथा आग पर शीघ्र नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें, किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें और राहत एवं बचाव कार्यों में प्रशासन का सहयोग करें। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।






