जिसपा में बादल फटा: मनाली-लेह और मनाली-जांस्कर मार्ग बंद, हजारों यात्री प्रभावित; प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

IMG_20260514_180822
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज़, लाहौल-स्पीति
हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले के जिसपा क्षेत्र में बादल फटने की घटना के बाद भारी तबाही हुई है। तेज जलप्रवाह और मलबे के कारण मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-3) तथा मनाली-जांस्कर मार्ग पूरी तरह बंद हो गए हैं। इससे दोनों प्रमुख मार्गों पर यातायात ठप हो गया है और कई वाहन रास्ते में फंस गए हैं।


जानकारी के अनुसार, बादल फटने के बाद भारी मात्रा में मलबा, चट्टानें और पत्थर सड़कों पर आ गए, जिससे आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने लेह पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कीलोंग में ही वाहनों की आवाजाही रोक दी है। फिलहाल किसी भी वाहन को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीमें मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर सड़क बहाली में जुटी हैं। वहीं पुलिस प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी और पेट्रोलिंग बढ़ा दी है।


प्रशासन ने पर्यटकों, स्थानीय लोगों और यात्रियों से अपील की है कि सड़कें पूरी तरह बहाल होने तक इन मार्गों पर यात्रा न करें। मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की सलाह दी गई है।
आपातकालीन स्थिति में सहायता के लिए 112 पर संपर्क करने को कहा गया है।
लगातार बदलते मौसम के बीच यह घटना एक बार फिर हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में प्राकृतिक आपदाओं के बढ़ते खतरे को रेखांकित करती है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News