नेता प्रतिपक्ष जयराम के आरोप निराधार, सबूत हैं तो सार्वजनिक करें: नरेश चौहान

IMG_20260514_180822
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज़, शिमला

मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान ने नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा हाल ही में की गई व्यक्तिगत टिप्पणियों को पूरी तरह निराधार और तथ्यहीन बताया है। उन्होंने कहा कि प्रेस वार्ता का वीडियो देखने के बाद उन्होंने अपनी बात जनता के सामने रखने का निर्णय लिया।
नरेश चौहान ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष ने उन पर किसी “बड़ी डील” में शामिल होने का आरोप लगाया है और उनके पुत्र पर हुए जानलेवा हमले व कथित अपहरण के प्रयास को भी उससे जोड़ने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि बिना किसी तथ्य के किसी व्यक्ति और उसके परिवार को इस प्रकार विवाद में घसीटना उचित नहीं है।


उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर ने दावा किया है कि उनके पास इस मामले से जुड़े दस्तावेजी प्रमाण हैं और वे जल्द उन्हें सार्वजनिक करेंगे। यदि वास्तव में ऐसे कोई प्रमाण हैं, तो उन्हें तत्काल जनता के सामने रखा जाना चाहिए, ताकि सच्चाई स्पष्ट हो सके।
नरेश चौहान ने कहा कि वह वर्ष 2003 से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से जुड़े हैं और प्रदेश कांग्रेस कमेटी में प्रवक्ता सहित विभिन्न जिम्मेदारियां निभाते रहे हैं। पिछले लगभग 23 वर्षों से उन्होंने पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाने का कार्य किया है। इस दौरान उन्होंने हमेशा राजनीतिक मर्यादा का पालन किया है और कभी भी किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति नहीं की।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के इतने वरिष्ठ नेता, जो पांच वर्ष तक मुख्यमंत्री रहे हैं और वर्तमान में नेता प्रतिपक्ष हैं, उनसे इस प्रकार की व्यक्तिगत टिप्पणियों की अपेक्षा नहीं की जा सकती। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी व्यक्ति और उसके परिवार को बिना ठोस आधार के विवादों में घसीटना स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है।
नरेश चौहान ने कहा कि यदि उनके पेशे, कार्यशैली या कार्यप्रणाली पर कोई आरोप लगाए जा रहे हैं, तो उनके समर्थन में भी तथ्य और प्रमाण सार्वजनिक किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि निराधार आरोप लगाकर किसी की छवि धूमिल करने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News