IMG-20261001-WA0025
previous arrow
next arrow

हिमाचल में बदलेगा रिवाज, 2027 में भाजपा सरकार बनाने का संकल्प, 7 अक्टूबर को सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में निकलेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा- श्रीकांत शर्मा

एप्पल न्यूज़, हमीरपुर
भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश की प्रदेश पदाधिकारी बैठक रविवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में ठाकुर राम सिंह स्मृति न्यास, टिप्पर, हमीरपुर में आयोजित हुई। बैठक में भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, प्रदेश सह प्रभारी दर्शना सिंह, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल, पायल वैद्य सहित प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों, सेवा गतिविधियों तथा पार्टी की आगामी संगठनात्मक कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
2027 में रिवाज बदलने का लक्ष्य : श्रीकांत शर्मा
भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से चले आ रहे “एक बार कांग्रेस, एक बार भाजपा” के रिवाज को बदलने के लक्ष्य के साथ पार्टी आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक तैयारी करेगी।
शर्मा ने कहा कि प्रदेश के 8007 बूथों को मजबूत करना भाजपा की प्राथमिकता है। प्रत्येक बूथ पर सक्रिय संगठन और कार्यकर्ताओं की निरंतर सहभागिता के आधार पर पार्टी अपनी चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा संगठन को मजबूत करते हुए वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में हिमाचल प्रदेश की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में काम करेगी।
श्रीकांत शर्मा ने भाजपा के बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद और संगठनात्मक नेटवर्क को आगामी चुनाव की तैयारी का आधार बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी 2027 में सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी।
उन्होंने केंद्र सरकार के विभिन्न निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में मजबूत नेतृत्व है।
हिमाचल मेरा दूसरा घर : दर्शना सिंह
प्रदेश भाजपा सह प्रभारी दर्शना सिंह ने माता चिंतपूर्णी, माता नैना देवी और माता ज्वाला जी का स्मरण करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश से उनका पुराना और आत्मीय संबंध है तथा हिमाचल उनके लिए दूसरे घर जैसा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को नई शक्ति मिली है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता तथ्यों और इतिहास के आधार पर कांग्रेस एवं वामपंथ से जुड़े मुद्दों का जवाब जनता के बीच रखेंगे।
दर्शना सिंह ने आपातकाल और 1984 के सिख विरोधी दंगों सहित विभिन्न ऐतिहासिक विषयों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की बात कही। उन्होंने कांग्रेस पर परिवार-केंद्रित राजनीति का आरोप लगाते हुए भाजपा को कार्यकर्ता आधारित संगठन बताया।
उन्होंने कहा कि हिमाचल में संगठन बूथ स्तर तक अपनी गतिविधियों को और मजबूत करेगा।
स्थानीय चुनावों के परिणामों का जिक्र, जयराम ठाकुर ने कहा—जमीनी तैयारी जरूरी
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश जल्द चुनावी वर्ष में प्रवेश करने जा रहा है, इसलिए भाजपा को अभी से बूथ स्तर तक व्यापक तैयारी करनी होगी।
उन्होंने हाल के स्थानीय निकाय एवं पंचायती राज चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि 11 में से 10 जिला परिषदों में भाजपा समर्थित नेतृत्व सामने आया है, जबकि चार नगर निगमों में से तीन में भाजपा ने जीत दर्ज की है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि ये परिणाम प्रदेश में जनता के रुझान को दर्शाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को प्राथमिकता देते हुए बूथ स्तर तक एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठनात्मक लक्ष्य स्पष्ट है और प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेगा।
7 अक्टूबर को 68 विधानसभा क्षेत्रों में निकलेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा’
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में मोटरसाइकिल एवं पदयात्राओं के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन यात्राओं का समापन निर्धारित जिला केंद्रों पर होगा।
डॉ. बिंदल ने कहा कि जिला केंद्रों पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न जिलों में विशेष रंगोली कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जबकि राजधानी शिमला के रिज मैदान पर भव्य रंगोली कार्यक्रम होगा।
उन्होंने कहा कि इस दौरान सभी मंडलों में विभिन्न सेवा एवं जनसेवा गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा का संगठन कार्यालय, कार्यकर्ता और कार्यक्रमों की मजबूत नींव पर खड़ा है तथा इसी संगठनात्मक शक्ति के आधार पर पार्टी प्रदेशभर में अपनी गतिविधियों को आगे बढ़ाएगी।

Share from A4appleNews:

Next Post

झाकड़ी पंचायत का बड़ा फैसला, किन्नरों को बधाई में अब 2100 से ज्यादा कतई नहीं, ग्राम सभा में लिया निर्णय

Sun Oct 4 , 2026
एप्पल न्यूज़, झाकड़ी /रामपुर बुशहर ग्राम पंचायत झाकड़ी ने सामाजिक जागरूकता और सम्मानजनक व्यवहार की दिशा में महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए विवाह, जन्मदिन या बच्चे के जन्म जैसे शुभ अवसरों पर किन्नरों को दी जाने वाली बधाई की राशि अधिकतम ₹2,100 निर्धारित की है। पंचायत की ओर से जारी संदेश […]

You May Like

Breaking News