एप्पल न्यूज, बिलासपुर/शिमला
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में मरोतन से घुमारवीं जा रही संतोषी निजी बस पर शुक्र खड्ड के किनारे बरठीं में भल्लू पुल के पास पहाड़ी से भूस्खलन का मलबा गिर गया। मलबा गिरने से बस की छत उड़कर खड्ड के किनारे जा पहुंची।
वहीं सारा मलबा बस पर आ गया। जिससे बस पूरी तरह मलबे की चपेट में आ गई। खबर लिखे जाने तक बस के अंदर से अभी तक 15 शव निकाले गए हैं। दो बच्चियों और एक बच्चे को सुरक्षित निकाला गया है।
इनमें से एक बच्ची की मां दुर्घटना में मारी गई है। बेटियों का प्रारंभिक उपचार बरठीं अस्पताल में चला हुआ है। बस में सवार थे 35 यात्री बताया जा रहा है कि करीब 35 लोग बस में सवार थे। घटना करीब साढ़े छह बजे हुई है।
बस में मरोतन बरठीं, घुमारवीं और बीच के स्टेशनों के लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि बस में 35 के करीब सवारियां थी। चालक और परिचालक की मौत हो चुकी है। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

मुख्यमंत्री ने बस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया, राहत कार्यों में तेज़ी लाने के दिए निर्देश
प्रदेश के बिलासपुर जिले के झंडूता उपमंडल के बालूघाट क्षेत्र में भूस्खलन की चपेट में आने से एक निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की दुखद घटना पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मज़बूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री निरंतर जिला प्रशासन के संपर्क में हैं और उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि घायलों को तुरंत उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया जाए और उनके इलाज की पूरी व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री शिमला से पूरे हालात की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
जयराम ठाकुर ने झंडूता में बस दुर्घटना पर जताया दुःख
पूर्व मुख्यमंत्री नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बिलासपुर जिले के झंडूता विधान सभा क्षेत्र के बालूघाट क्षेत्र में भूस्खलन की चपेट में आने की दुखद घटना पर दु:ख जताते हुए इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों श्रद्धांजलि देते हुए परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्ति की हैं।
उन्होंने दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान देने और परिजनों को इस असहनीय पीड़ा को सहन करने का संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।
साथ ही प्रशासन से राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया है जिससे फंसे हुए लोगों को सकुशल निकाला जा सके।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बस दुर्घटना पर किया गहरा शोक व्यक्त
दुर्घटनाग्रस्त पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रो प्रेम कुमार धूमल, शांता कुमार, सांसद सुरेश कश्यप, कंगना रनौत, राजीव भारद्वाज, हर्ष महाजन, इंदु गोस्वामी, महामंत्री सिकंदर कुमार, संजीव कटवाल, पायल, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, रणधीर शर्मा, त्रिलोक जमवाल, सुरेश चंदेल, राकेश जमवाल, विपिन परमार, कर्ण नंदा, स्वदेश ठाकुर ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सरकार एवं भाजपा का पूर्ण संगठन इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मज़बूती से खड़ा है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।







