नशे और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर करेंगे काम
एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर
रामपुर बुशहर में पुलिस पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन का गठन किया गया। इस अवसर पर आउटर सराज, रामपुर बुशहर और कुमारसैन क्षेत्र के 107 पुलिस पेंशनर्स ने भाग लिया। बैठक में सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सैयद अहमद मुख्य अतिथि तथा सेवानिवृत्त उप पुलिस अधीक्षक यशपाल ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त सेवानिवृत्त उप पुलिस अधीक्षक गुरदयाल सिंह चौधरी सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और पेंशनर्स ने बैठक में भाग लिया। 87 वर्षीय सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर दास गांधी और 80 वर्ष से अधिक आयु के चार अन्य वरिष्ठ सदस्यों की उपस्थिति भी विशेष रही।
बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम के गायन के साथ हुआ। इसके बाद एसोसिएशन की कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें अधिवक्ता एवं सेवानिवृत्त निरीक्षक गोपाल कश्यप को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया।

सेवानिवृत्त उप पुलिस अधीक्षक गुरदयाल सिंह चौधरी को मुख्य सलाहकार, यशपाल ठाकुर को रामपुर जोन का प्रतिनिधित्व करने की जिम्मेदारी तथा सैयद अहमद को प्रमुख सलाहकार नियुक्त किया गया। सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक धनसुख को कुमारसैन क्षेत्र का सलाहकार बनाया गया।
कार्यकारिणी में उप निरीक्षक मानदेव शर्मा को सचिव, निरीक्षक आदर्श कुमार को उपाध्यक्ष, मस्तराम कपाटिया को उपसचिव और गोपुराम को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। मोहन जोशी को सलाहकार एवं मीडिया प्रभारी तथा चिताराम, दौलत डोगरा, बिहारी लाल खाची, राजेंद्र सिंह, रामलाल, मेला राम, रामानंद कपाटिया, सतपाल शर्मा और श्याम लाल को कार्यकारी सदस्य बनाया गया। इसके अतिरिक्त ऑडिट कमेटी में निरीक्षक रोशन लाल वर्मा, लाइक राम, तेजेंद्र सिंह और सेवानिवृत्त निरीक्षक राम गोपाल कपूर को शामिल किया गया।

बैठक में एसोसिएशन ने सर्वसम्मति से रामपुर बुशहर को पूर्ण जिला अथवा पुलिस जिला बनाने की मांग जोरदार तरीके से उठाई। सदस्यों ने कहा कि क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए यह मांग महत्वपूर्ण है।
एसोसिएशन के नवनियुक्त अध्यक्ष अधिवक्ता एवं सेवानिवृत्त निरीक्षक गोपाल कश्यप ने कहा कि यह एक गैर-राजनीतिक संगठन होगा, जो अनुशासन और मर्यादा के दायरे में रहकर कार्य करेगा। संगठन सरकार और संबंधित अधिकारियों के समक्ष पुलिस पेंशनर्स की विभिन्न मांगों को उठाएगा तथा उनके समाधान के लिए पत्राचार करेगा।
उन्होंने कहा कि एसोसिएशन का उद्देश्य केवल पेंशनर्स के हितों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पुलिस प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर भी सार्थक प्रयास किए जाएंगे। विशेष रूप से नशे की रोकथाम और साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में संगठन सक्रिय भूमिका निभाएगा।
बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और सदस्यों ने पारंपरिक नाटी में भी भाग लेकर कार्यक्रम को यादगार बनाया। अंत में राष्ट्रगान के साथ बैठक का समापन हुआ।




