पिन वैली, लाहौल-स्पीति से पहुंचे 80 से अधिक घोड़े, उत्तराखंड के खरीदारों ने दिखाई खास दिलचस्पी
एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर
अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के तहत रामपुर बुशहर के लवी मेला मैदान में रविवार को अश्व मंडी पूरी तरह सज गई। पिन वैली, लाहौल और स्पीति क्षेत्र से करीब 80 से अधिक घोड़े बीती रात यहां पहुंच गए। रविवार सुबह तक अश्व मंडी में रौनक देखने को मिली। पशुपालन विभाग ने घोड़ों के पंजीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

अश्व मंडी में घोड़ों की खरीद-फरोख्त के लिए मुख्य रूप से उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले से खरीदार पहुंचे हैं। मंडी में अब तक हुई खरीद-फरोख्त में शुद्ध स्पीति नस्ल के घोड़े की सबसे अधिक कीमत 80 हजार रुपये लगी है। यह घोड़ा लाहौल-स्पीति के मुद गांव निवासी पद्मा जिमेट पुत्र छेरिंग रिंगजिन ने उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के जस्तवाड़ी गांव निवासी विजय पाल पुत्र चंदन सिंह को बेचा।
इसी पशुपालक ने एक अन्य बधियाकृत घोड़ा (Gelding) उत्तराखंड के जस्तवाड़ी निवासी यासीन पुत्र नवबख्श को 70 हजार रुपये में बेचा।
SDM रामपुर बुशहर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि लवी मेले की अश्व मंडी में घोड़ों की खरीद-फरोख्त का सिलसिला लगातार जारी है। आने वाले दिनों में भी यहां पशुपालकों और खरीदारों की अच्छी भीड़ जुटने की उम्मीद है।



