IMG_20261107_092748
previous arrow
next arrow

दीपावली पर हिमाचल में आग का तांडव, चंबा से शिमला और किन्नौर तक कई स्थानों पर अग्निकांड की घटनाएं

कहीं मकान जलकर राख, तो कहीं दुकानों और घासनी में भड़की आग; दमकल विभाग की टीमों ने संभाला मोर्चा

एप्पल न्यूज़, शिमला/चंबा/किन्नौर

दीपावली के पावन पर्व पर हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में आग की कई घटनाएं सामने आईं। चंबा, शिमला, रोहड़ू, किन्नौर और रामपुर बुशहर के आसपास के क्षेत्रों में आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल रहा। कहीं रिहायशी मकान आग की चपेट में आकर जलकर राख हो गया, तो कहीं दुकानों, भवनों और सूखी घासनी में आग भड़क उठी। आग की घटनाओं के बाद संबंधित क्षेत्रों में दमकल विभाग की टीमों ने मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाने के प्रयास किए।

चंबा में कश्मीरी मोहल्ला के समीप आग लगने से एक मकान जलकर राख हो गया। आग की लपटें उठती देख इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान चलाया।

वहीं, रोहड़ू में ठाकुर मार्केट के समीप आग लगने की घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची लपटें देखकर स्थानीय लोग सहम गए और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आग लगने के कारणों और नुकसान का विस्तृत विवरण सामने आना बाकी है।

शिमला के मैहली में भी दीपावली की सुबह एक भवन में आग लगने की घटना सामने आई। अग्निशमन केंद्र शिमला से मिली जानकारी के अनुसार आग सुबह करीब 4:40 बजे लगी। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कार्रवाई की।

उधर, रामपुर बुशहर के सामने जगातखाना से ऊपर शरशाया और तुनन क्षेत्र की घासनियों में आग भड़क उठी। सूखी घास होने के कारण आग ने तेजी से फैलते हुए विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें दूर से दिखाई देने के कारण आसपास के क्षेत्रों में भी चिंता का माहौल बना रहा।

किन्नौर जिले में भी दीपावली के दौरान आगजनी की घटनाएं सामने आईं। टापरी के समीप सूखी घासनी में आग लगने से काफी नुकसान होने की सूचना है। वहीं, सांगला में एक दुकान के ऊपर बने स्टोर में आग भड़क उठी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए।

दीपावली के दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में सामने आई इन घटनाओं ने अग्नि सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि आग लगने के सभी मामलों में नुकसान और कारणों का पूरा आकलन संबंधित विभागों की रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News