सीएसआर के तहत करीब एक करोड़ रुपये खर्च करेगी पावर ग्रिड, कबड्डी, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और वॉलीबॉल को मिलेगा बढ़ावा; खनेरी और ननखड़ी अस्पताल को भी पहले दे चुकी है आर्थिक सहयोग
एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर
बुशहर क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने और सरकारी स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए पावर ग्रिड हिमाचल प्रदेश ट्रांसमिशन लिमिटेड ने बड़ी पहल की है। कंपनी ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत रामपुर क्षेत्र में खेल गतिविधियों के लिए करीब 46 लाख रुपये और विभिन्न सरकारी स्कूलों में सुविधाओं के विस्तार के लिए लगभग 60 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इस तरह दोनों क्षेत्रों में करीब एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जाएगी।
इस संबंध में वीरवार को एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह और पावर ग्रिड हिमाचल प्रदेश ट्रांसमिशन लिमिटेड के रामपुर स्थित वरिष्ठ डीजीएम प्रवीण कुमार के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए.

चार प्रमुख खेलों को मिलेंगे आधुनिक उपकरण
एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि बुशहर क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को बेहतर संसाधन उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से इस वर्ष विशेष योजना तैयार की गई है। इसके तहत कबड्डी, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और वॉलीबॉल को शामिल किया गया है।
चारों खेलों की एसोसिएशनों और कॉलेज प्राचार्य के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक खेल उपकरणों की सूची तैयार की गई थी। इसी आधार पर पावर ग्रिड ने करीब 46 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है।
उन्होंने बताया कि खरीदे जाने वाले सभी खेल उपकरण कॉलेज प्राचार्य को सौंपे जाएंगे। इसके बाद संबंधित खेल एसोसिएशन निर्धारित किराये और तय शर्तों के आधार पर इनका उपयोग कर सकेंगी। इन उपकरणों का इस्तेमाल कॉलेज स्तर की खेल गतिविधियों के साथ-साथ राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन में भी किया जाएगा। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
सरकारी स्कूलों की सुविधाओं पर खर्च होंगे 60 लाख
एसडीएम ने बताया कि क्षेत्र के विभिन्न सरकारी स्कूलों से प्राप्त जरूरतों और सुविधाओं से संबंधित प्रस्तावों के आधार पर करीब 60 लाख रुपये की राशि भी स्वीकृत की गई है। स्कूलों में आवश्यक कार्यों और उपकरणों की खरीद में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एसडीएम कार्यालय के माध्यम से खुली निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी। खरीद प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित फर्मों को भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया जाएगा।
खनेरी और ननखड़ी अस्पताल को भी दे चुकी है सहयोग
गौरतलब है कि पावर ग्रिड इससे पहले भी रामपुर क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दे चुकी है। कंपनी की ओर से महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर खनेरी अस्पताल के लिए करीब 70 लाख रुपये तथा ननखड़ी अस्पताल के लिए लगभग 16 लाख रुपये के चिकित्सा उपकरण और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाई गई थी।
खेल प्रतिभाओं और विद्यार्थियों को मिलेगा सीधा लाभ
एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने इस सहयोग के लिए पावर ग्रिड प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सीएसआर के तहत मिलने वाली इस सहायता से बुशहर क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिलेंगे। वहीं, सरकारी स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने से विद्यार्थियों को भी सीधा लाभ पहुंचेगा।
उन्होंने कहा कि खेलों के लिए आधुनिक उपकरण उपलब्ध होने से क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूती मिलेगी और युवाओं को खेल गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
इस अवसर पर पावर ग्रिड के वरिष्ठ अकाउंट कोऑर्डिनेटर राकेश चौहान भी उपस्थित रहे।

















