एप्पल न्यूज, रानीताल (कांगड़ा)
जिला कांगड़ा के रानीताल क्षेत्र में गुरुवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। गाहलियां पंचायत के पास बनेर खड्ड में नहाने उतरे दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। दोनों युवक मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के निवासी थे और यहां लकड़ी काटने का काम करते थे।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को करीब 1 बजे ये युवक खड्ड के किनारे कपड़े धोने के बाद नहाने उतरे थे। नहाते समय वे गहरे पानी की ओर चले गए और उन्हें पानी की गहराई का अंदाज़ा नहीं लग पाया, जिस कारण वे डूब गए।

साथ मौजूद अन्य लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई।
डूबने वालों की पहचान राजेंद्र कुमार (36 वर्ष) और अशोक कुमार, दोनों निवासी जिला कठुआ, जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। दोनों गाहलियां गांव में किराए पर रह रहे थे और मेहनत-मजदूरी का कार्य कर रहे थे।
सूचना मिलते ही लंज पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है, विशेषकर मानसून के समय जब नदियों और खड्डों में जल स्तर अनियमित रहता है।







