एप्पल न्यूज, किन्नौर
जिला मंडी के थुनाग में राजस्व, बागवानी, जन शिकायत एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी का घेराव करने और उनकी गाड़ी पर काले झंडे फेंकने से नाराज़ किन्नौर कांग्रेस ने सोमवार को ज़िला मुख्यालय रिकांगपिओ में विरोध प्रदर्शन किया। ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष उमेश नेगी के नेतृत्व में यह विरोध प्रदर्शन किया गया।
इस विरोध प्रदर्शन में ज़िला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और भाजपा के खिलाफ़ जमकर नारेबाजी की।

रैली रामलीला मैदान से शुरू होकर रिकांगपिओ के मुख्य बाजार से होते हुए पीएनबी तक पहुँची। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का पुतला भी जलाया।
इस अवसर पर कांग्रेस ज़िला अध्यक्ष उमेश नेगी ने कहा कि मंडी के थुनाग में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के इशारे पर कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने राजस्व मंत्री का घेराव किया।
उन्होंने कहा कि मंत्री के वाहन पर काले कपड़े और चप्पल फेंककर वाहन पर लगे राष्ट्रीय ध्वज का भी अपमान किया गया। इसी के विरोध में आज यह रैली निकाली गई है।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब वह प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने ज़िला किन्नौर के साथ भेदभाव किया था, जबकि कांग्रेस सरकार द्वारा समान विकास किया जा रहा है।
उन्होंने जयराम ठाकुर को चेतावनी देते हुए कहा कि जब भी वे किन्नौर आएंगे, तो चौरा से लेकर रिकांगपिओ तक उन्हें भी कड़े विरोध का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री से इस तरह के हुड़दंग और राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने वालों को कड़ी सज़ा देने की भी मांग की।









