एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर
रामपुर बुशहर में कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए शहर में आधुनिक थिएटर और पार्किंग निर्माण की मांग उठी है। इस संबंध में हिमाचल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट, शिमला जिला इकाई की ओर से उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) रामपुर बुशहर को ज्ञापन सौंपा गया।
संगठन ने प्रशासन से आग्रह किया कि क्षेत्र में बढ़ती सांस्कृतिक गतिविधियों और युवाओं की प्रतिभा को मंच देने के लिए रामपुर बुशहर में जल्द से जल्द एक आधुनिक थिएटर का निर्माण करवाया जाए।
ज्ञापन में कहा गया है कि रामपुर बुशहर लंबे समय से कला और संस्कृति के संरक्षण तथा संवर्धन में अग्रणी रहा है। इस क्षेत्र से कई कलाकार और रंगकर्मी देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं और फिल्म, संगीत व रंगमंच के क्षेत्र में नाम कमा रहे हैं।

इसके बावजूद शहर में अब तक कोई स्थायी थिएटर या नाट्य मंच उपलब्ध नहीं है, जिससे स्थानीय कलाकारों और युवाओं को अपनी कला प्रस्तुत करने के लिए उचित मंच नहीं मिल पाता।
संगठन ने बताया कि रामपुर बुशहर और आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों युवा रंगकर्मी फिल्म इंडस्ट्री, संगीत और थिएटर की विभिन्न विधाओं में आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं। यदि शहर में एक सुसज्जित थिएटर का निर्माण किया जाता है तो उन्हें अभ्यास, प्रशिक्षण और प्रस्तुति के लिए एक बेहतर मंच मिलेगा।
इससे स्थानीय स्तर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी आसान होगा और नई प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलेगा।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि रामपुर बुशहर भौगोलिक दृष्टि से शिमला, किन्नौर और कुल्लू जिलों के बीच एक महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में यहां थिएटर बनने से इन तीनों जिलों के युवाओं और कलाकारों को भी लाभ मिलेगा।
वे अपनी कला का प्रदर्शन कर सकेंगे और सांस्कृतिक गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा। साथ ही थिएटर बनने से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र में सांस्कृतिक आयोजनों की संख्या बढ़ेगी।
इसके अलावा संगठन ने शहर में बढ़ती वाहनों की संख्या को देखते हुए थिएटर के साथ-साथ पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था बनाने की भी मांग की है।
उनका कहना है कि रामपुर बुशहर में अक्सर बड़े कार्यक्रमों और मेलों के दौरान पार्किंग की समस्या सामने आती है। यदि थिएटर परिसर के साथ आधुनिक पार्किंग सुविधा विकसित की जाती है तो इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भी सुविधा मिलेगी तथा यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।
हिमाचल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित और क्षेत्र के सांस्कृतिक विकास को ध्यान में रखते हुए रामपुर बुशहर में जल्द थिएटर और पार्किंग निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि क्षेत्र की प्रतिभाओं को उचित मंच मिल सके और सांस्कृतिक गतिविधियों को नया प्रोत्साहन प्राप्त हो।
इस मौके पर यूनियन के महासचिव निशांत शर्मा, उपाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार, जेएम शर्मा और संतोष शर्मा भी उपस्थित रहे.





