हिमाचल में पंचायत चुनाव का पहला चरण, कुल 78% मतदान, कुल्लू मे सर्वाधिक 84% वोटिंग

IMG_20260514_180822
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज़, शिमला
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव के पहले चरण का मतदान मंगलवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। प्रदेश की 1293 ग्राम पंचायतों के 8198 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान हुआ। शाम 6:30 बजे तक कुल 78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कुल 18,22,636 मतदाताओं में से 12,53,338 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
प्रदेश में सबसे अधिक 84 प्रतिशत मतदान कुल्लू जिले में दर्ज हुआ, जबकि लाहौल-स्पीति में सबसे कम 69 प्रतिशत मतदान हुआ। सिरमौर जिले के कमरऊ ब्लॉक की तिलोधर ग्राम पंचायत के कुनेर-धमौन क्षेत्र में सर्वाधिक 97 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया।

इस बार 10 जिलों में महिला मतदाताओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक रही। कुल्लू जिले में महिलाओं का मतदान प्रतिशत 85 प्रतिशत तक पहुंचा। युवाओं के साथ 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग मतदाता भी मतदान केंद्रों तक पहुंचे।
हालांकि मंडी जिले के करसोग क्षेत्र में पंचायत समिति सदस्य (BDC) चुनाव को लेकर तकनीकी त्रुटि सामने आई। पंचायत समिति वार्ड नंबर-12 मेहड़ी के तहत थाच-धर्मा और परलोग पंचायतों में एक प्रत्याशी का नाम बैलेट पेपर पर छपने से छूट गया, जिसके कारण मतदान स्थगित करना पड़ा। राज्य निर्वाचन आयोग ने अब इस वार्ड में 28 मई 2026 को दोबारा मतदान कराने का निर्णय लिया है।
इसके अलावा चंबा जिले की चंबी पंचायत के वार्ड नंबर-3 में एक उम्मीदवार की मृत्यु होने के कारण मतदान स्थगित किया गया। वहीं शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र की नैन पंचायत के वार्ड नंबर-1 में मतदान प्रक्रिया के दौरान नोटा स्टांप के साथ स्वास्तिक चिन्ह वाली स्टांप का इस्तेमाल होने का मामला सामने आने पर वहां 30 मई को पुनर्मतदान कराया जाएगा।
राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी बैलेट बॉक्स पर यूनिक बारकोड प्रणाली लागू की थी। मतदान और मतगणना के दौरान इन बारकोड को स्कैन कर निगरानी रखी गई।
प्रदेश में कुल 31,182 पदों के लिए चुनाव हो रहे हैं। इनमें 3,754 प्रधान, 3,754 उप-प्रधान, 21,654 ग्राम पंचायत सदस्य, 1,769 पंचायत समिति सदस्य और 251 जिला परिषद सदस्य शामिल हैं। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 10,854 प्रतिनिधि निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। इनमें 176 प्रधान, 286 उप-प्रधान, 85 पंचायत समिति सदस्य और 10,307 ग्राम पंचायत सदस्य शामिल हैं।
प्रधान, उप-प्रधान और वार्ड सदस्यों की मतगणना जारी है, जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के मतों की गिनती 31 मई को होगी।


जिलावार मतदान प्रतिशत:
बिलासपुर – 77%
चंबा – 79%
हमीरपुर – 73%
कांगड़ा – 75%
किन्नौर – 72%
कुल्लू – 84%
लाहौल-स्पीति – 69%
मंडी – 79%
शिमला – 80%
सिरमौर – 82%
सोलन – 81%
ऊना – 79%
पहले चरण के मतदान में ग्रामीण मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति लोगों के उत्साह को एक बार फिर साबित किया है।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News