ननखड़ी डिग्री कॉलेज के विलय के विरोध में भाजपा मंडल का ननखड़ी में विशाल प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी

IMG_20260514_180822
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज़, ननखड़ी/रामपुर बुशहर

ननखड़ी डिग्री कॉलेज के प्रस्तावित विलय के विरोध में भाजपा मंडल ननखड़ी द्वारा शुक्रवार को एक विशाल विरोध प्रदर्शन और आक्रोश रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, अभिभावकों, स्थानीय नागरिकों, महिला मंडलों के प्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर सरकार के फैसले के खिलाफ अपना रोष व्यक्त किया।

प्रदर्शनकारियों ने ननखड़ी बाजार में एकत्रित होकर हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर रैली निकाली। इस दौरान “डिग्री कॉलेज बचाओ”, “छात्र हितों से खिलवाड़ बंद करो” और “सरकार अपना फैसला वापस लो” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। रैली ननखड़ी के विभिन्न मार्गों से होते हुए प्रशासनिक कार्यालय तक पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार का यह निर्णय दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा तक पहुंच को प्रभावित करेगा। उनका कहना था कि ननखड़ी जैसे पहाड़ी और ग्रामीण क्षेत्र में डिग्री कॉलेज का विलय या बंद होना सैकड़ों विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल असर डालेगा, क्योंकि उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए दूरस्थ क्षेत्रों का रुख करना पड़ेगा।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा नेता कौल सिंह नेगी ने कहा कि ननखड़ी डिग्री कॉलेज क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने कहा कि कॉलेज के विलय का निर्णय न केवल शिक्षा विरोधी है, बल्कि यह ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं के हितों की अनदेखी भी है।

उन्होंने कहा कि सरकार को शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, शिक्षकों के रिक्त पद भरने और सुविधाओं में सुधार करने पर ध्यान देना चाहिए, न कि शैक्षणिक संस्थानों को विलय या बंद करने जैसे फैसले लेने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के अपने दावों पर खरी नहीं उतर रही है।

कौल सिंह नेगी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने ननखड़ी डिग्री कॉलेज के विलय संबंधी निर्णय को शीघ्र वापस नहीं लिया, तो भाजपा मंडल ननखड़ी स्थानीय जनता, विद्यार्थियों और अभिभावकों के साथ मिलकर आंदोलन को और व्यापक करेगा। उन्होंने कहा कि कॉलेज को बचाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर जिला तथा राज्य स्तर पर भी विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News