भाजपा कोर ग्रुप का निर्णय: कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदेशव्यापी जनआंदोलन चलाएगी भाजपा

IMG_20260514_180822
previous arrow
next arrow

भाजपा कोर ग्रुप का निर्णय: कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदेशव्यापी जनआंदोलन चलाएगी भाजपा

पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों में जनता ने कांग्रेस सरकार को नकारा, भाजपा के पक्ष में दिया स्पष्ट जनादेश : डॉ. राजीव बिंदल

मुख्यमंत्री को बिंदल का जवाब—राम विरोधी होने का सर्टिफिकेट कांग्रेस को जनता पहले ही दे चुकी है

रामभक्तों पर गोलियां चलाने और आंदोलन का विरोध करने का इतिहास कांग्रेस नहीं मिटा सकती : बिंदल

महिलाओं, युवाओं, किसानों और बागवानों से किए गए वादों पर कांग्रेस सरकार की चार्जशीट तैयार करेगी भाजपा

शिमला। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को प्रदेश मुख्यालय दीपकमल, चक्कर में आयोजित हुई। बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप, राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन, राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार सहित कोर ग्रुप के सभी सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के उपरांत पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कोर ग्रुप ने प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, हाल ही में हुए पंचायती राज एवं शहरी निकाय चुनावों के परिणामों तथा आगामी संगठनात्मक एवं जनआंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।

डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा कोर ग्रुप ने सर्वप्रथम हिमाचल प्रदेश की जनता और मतदाताओं का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने पंचायती राज संस्थाओं और नगर निगम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को व्यापक समर्थन एवं आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि इन चुनाव परिणामों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल से पूरी तरह निराश है और उसने जनविरोधी तथा प्रदेश विरोधी नीतियों के विरुद्ध अपना जनादेश दिया है।

उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान कांग्रेस सरकार ने विभिन्न स्तरों पर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने और चुनाव टालने के प्रयास किए, लेकिन न्यायपालिका के हस्तक्षेप के बाद चुनाव संपन्न हुए। उन्होंने कहा कि आज भी स्थिति यह है कि 12 जिला परिषदों में से केवल 6 में ही अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव हो पाए हैं। डेढ़ से दो महीने बीत जाने के बावजूद शेष जिला परिषदों में चुनाव नहीं कराए गए हैं। इसके बावजूद जिन छह जिला परिषदों में चुनाव हुए, वहां सभी स्थानों पर भाजपा समर्थित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। उन्होंने कहा कि पांच जिला परिषदों में तो कांग्रेस अपने प्रत्याशी तक खड़े नहीं कर सकी, जो उसकी राजनीतिक स्थिति को दर्शाता है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले हमीरपुर में भी कांग्रेस की स्थिति अत्यंत कमजोर रही और वहां भी भाजपा समर्थित प्रतिनिधियों को स्पष्ट समर्थन प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि चार नगर निगमों में से तीन में भाजपा ने मेयर और डिप्टी मेयर के पद जीतकर यह सिद्ध कर दिया कि जनता का विश्वास भारतीय जनता पार्टी के साथ है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम केवल चुनावी जीत नहीं, बल्कि कांग्रेस सरकार के विरुद्ध जनता का स्पष्ट जनमत और जनादेश है।

उन्होंने बताया कि भाजपा कोर ग्रुप ने निर्णय लिया है कि कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों, अधूरी गारंटियों और प्रशासनिक विफलताओं के खिलाफ प्रदेशव्यापी जनआंदोलन चलाया जाएगा। इसके लिए सरकार के साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल की विस्तृत चार्जशीट तैयार की जाएगी और उसे जनता के बीच ले जाया जाएगा।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों से पहले महिलाओं, युवाओं, कर्मचारियों, किसानों और बागवानों से अनेक वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद अधिकांश गारंटियां अधूरी रह गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों का राशन महंगा किया गया, विकास कार्य ठप पड़े हैं, प्रदेश में कानून व्यवस्था कमजोर हुई है, भ्रष्टाचार बढ़ा है और विभिन्न प्रकार के माफिया सक्रिय हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इन सभी मुद्दों को लेकर गांव-गांव और शहर-शहर जनता के बीच जाएगी तथा कांग्रेस सरकार की वास्तविकता को उजागर करेगी।

मुख्यमंत्री द्वारा वर्ष 2027 में कांग्रेस की पुनः सरकार बनने के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि जिन मतदाताओं ने हाल ही में पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस को नकारा है, वही मतदाता विधानसभा चुनाव में भी अपना निर्णय देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तथाकथित गारंटियां केवल चुनावी नारे बनकर रह गईं। न महिलाओं को वादा किया गया आर्थिक लाभ मिला, न मुफ्त बिजली के वादे पूरे हुए, न दूध और गोबर खरीद की घोषणाएं धरातल पर उतरीं। इसके विपरीत जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा और विकास कार्य प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस की कथनी और करनी का अंतर समझ चुकी है।

मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेताओं द्वारा दिए गए बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस को भाजपा या उनसे किसी प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि जनता स्वयं कांग्रेस को उसका प्रमाणपत्र दे चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास भगवान श्रीराम के जन्मस्थान पर मंदिर निर्माण का विरोध करने, न्यायालयों में उसके विरुद्ध दलीलें देने और वर्षों तक श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन का विरोध करने का रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने तुष्टीकरण की राजनीति के कारण भगवान श्रीराम के प्रति करोड़ों लोगों की आस्था की उपेक्षा की।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस आज यदि राम मंदिर जा रही है तो यह उसकी आस्था नहीं, बल्कि राजनीतिक मजबूरी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राम भारत की जनता की श्रद्धा और विश्वास के केंद्र हैं, जबकि कांग्रेस ने वर्षों तक उन्हें राजनीतिक दृष्टि से देखा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता चाहे जितनी भी बयानबाजी करें, जनता उनके इतिहास को नहीं भूली है।

उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान रामभक्तों पर गोलियां चलाने, आंदोलनकारियों पर दमन करने और राम मंदिर आंदोलन का विरोध करने का इतिहास कांग्रेस कभी मिटा नहीं सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि रामभक्तों के साथ हुए अन्याय को देश आज भी याद करता है और यही कारण है कि जनता कांग्रेस की राजनीति और उसकी बदलती भाषा को भली-भांति समझती है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा का संकल्प सत्ता प्राप्त करना मात्र नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक वर्ग की आवाज बनना है। कोर ग्रुप की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आने वाले समय में संगठनात्मक मजबूती, जनसंपर्क अभियान और व्यापक जनआंदोलनों के माध्यम से कांग्रेस सरकार की विफलताओं को जनता के सामने रखा जाएगा तथा प्रदेश हित, विकास और सुशासन के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।

Share from A4appleNews:

Next Post

राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने सराहन में पंचायत प्रतिनिधियों से की भेंट, सुनीं जन समस्याएं

Tue Jul 7 , 2026
एप्पल न्यूज़, सराहन राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज सराहन स्थित लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भेंट कर उनकी समस्याएं एवं मांगें सुनीं। उन्होंने विभिन्न विषयों से संबंधित शिकायतों एवं मांगों को गंभीरता से सुनते […]

You May Like

Breaking News