एप्पल न्यूज़, डोडरा क्वार /शिमला
शिमला जिला के डोडरा क्वार क्षेत्र में अवैध भांग (कैनाबिस) की खेती के विरुद्ध पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। पुलिस चौकी डोडरा क्वार की टीम ने 26 जुलाई 2026 को गश्त एवं कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान ग्राम गोसांगू में अवैध रूप से की जा रही भांग की खेती का खुलासा किया।
पहले मामले में एफआईआर संख्या 69/2026 के तहत खसरा नंबर 42, ग्राम गोसांगू में सूर्य देव निवासी धन्द्रावाड़ी के कब्जे वाली भूमि पर 1,550 भांग के पौधे अवैध रूप से उगाए गए पाए गए। इनमें से 1,530 पौधों को मौके पर ही नियमानुसार नष्ट कर दिया गया, जबकि शेष पौधों को कानूनी कार्रवाई के लिए कब्जे में लिया गया।

दूसरे मामले में एफआईआर संख्या 70/2026 के तहत खसरा नंबर 41, ग्राम गोसांगू में उजेंद्री देवी निवासी धन्द्रावाड़ी के कब्जे वाली भूमि पर 1,310 भांग के पौधे पाए गए। पुलिस ने इनमें से 1,290 पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया, जबकि शेष पौधों को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखकर कब्जे में लिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान कुल 2,860 अवैध भांग के पौधों का पता लगाया गया। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की आगे की जांच शिमला पुलिस द्वारा की जा रही है।
जिला पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों की अवैध खेती, तस्करी या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।






