एप्पल न्यूज़, रिकांगपिओ/किन्नौर
राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने किन्नौर के पूह उपमंडल की सीमावर्ती ग्राम पंचायत नमज्ञा में 1 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से निर्मित छुप्पन ट्रेड मार्ट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर वर्ष 2020 के बाद पहली बार शिपकी ला के माध्यम से भारत-चीन सीमा पार वस्तु विनिमय (बार्टर) व्यापार को भी हरी झंडी दिखाई गई।

राजस्व मंत्री ने स्थानीय व्यापारियों से केंद्र सरकार के वाणिज्य विभाग द्वारा निर्धारित आयात-निर्यात नियमों का पूरी पारदर्शिता और सख्ती से पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने पूह व्यापार मंडल की ओर से आयात-निर्यात वस्तुओं का दायरा बढ़ाने की मांग पर आश्वासन दिया कि इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के समक्ष रखा जाएगा, ताकि विदेश मंत्रालय के माध्यम से इसे चीन सरकार के समक्ष उठाया जा सके।
उन्होंने कहा कि शिपकी ला से सीमा पार व्यापार शुरू होने से सीमावर्ती क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही प्रदेश सरकार सीमावर्ती क्षेत्रों के समग्र विकास और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में नमज्ञा पंचायत की प्रधान अंजलि नेगी ने क्षेत्र की समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया, जिनमें से कई का मौके पर ही समाधान किया गया। इस दौरान नमज्ञा और टाशीगंग महिला मंडलों ने पारंपरिक किन्नौरी लोकनृत्य भी प्रस्तुत किया।
उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) तथा अंतरराष्ट्रीय व्यापार से जुड़े अधिकारियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा, एडीएम पूह रविंद्र सिंह ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

क्या है बार्टर ट्रेड?
बार्टर ट्रेड (वस्तु विनिमय व्यापार) ऐसी व्यापार व्यवस्था है, जिसमें मुद्रा के बजाय वस्तुओं का आपसी आदान-प्रदान किया जाता है। भारत और चीन के बीच शिपकी ला के माध्यम से लंबे समय से सीमित वस्तुओं के इस पारंपरिक व्यापार की व्यवस्था रही है।







