हिमाचल में चार IAS अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां, राहुल कुमार HRTC के प्रबंध निदेशक नियुक्त
निवेदिता नेगी लाहौल-स्पीति की उपायुक्त नियुक्त, किरण भड़ाना संभालेंगी बिलासपुर DC का कार्यभार; युनूस को GAD समेत तीन विभागों का अतिरिक्त जिम्मा
एप्पल न्यूज़, शिमला
हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए चार IAS अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस संबंध में प्रदेश सरकार के कार्मिक विभाग ने 24 अक्टूबर, 2026 को अधिसूचना जारी की है। राज्यपाल की मंजूरी के बाद जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
अधिसूचना के अनुसार, IAS अधिकारी राहुल कुमार (2016 बैच) को हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC), शिमला का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। वह वर्तमान में बिलासपुर जिले के उपायुक्त के पद पर कार्यरत हैं। राहुल कुमार इस पद पर शिवम प्रताप सिंह (IAS, 2017 बैच) का स्थान लेंगे।
वहीं, IAS अधिकारी निवेदिता नेगी (2017 बैच) को लाहौल-स्पीति जिले का उपायुक्त नियुक्त किया गया है। वह वर्तमान में हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग में सचिव के पद पर कार्यरत हैं। उनकी नियुक्ति के बाद वह केलांग स्थित उपायुक्त कार्यालय का कार्यभार संभालेंगी।
इसके अलावा, IAS अधिकारी किरण भड़ाना (2017 बैच) को बिलासपुर जिले का नया उपायुक्त नियुक्त किया गया है। वह वर्तमान में लाहौल-स्पीति जिले में उपायुक्त के पद पर कार्यरत हैं। वह राहुल कुमार के स्थान पर बिलासपुर जिले की प्रशासनिक जिम्मेदारी संभालेंगी।
डॉ. युनूस को अतिरिक्त कार्यभार
सरकार ने IAS अधिकारी डॉ. युनूस (2010 बैच), सचिव (राज्य कर एवं आबकारी), हिमाचल प्रदेश सरकार को सचिव (GAD), सचिव (सामाजिक कल्याण एवं विकास) और संसदीय कार्य विभाग का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। वह इन पदों का अतिरिक्त जिम्मा संभालेंगे और IAS अधिकारी आशीष सिंहमार (2007 बैच) को इस अतिरिक्त कार्यभार से मुक्त किया गया है।
प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत के आदेशों के तहत जारी अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि ये सभी प्रशासनिक बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।



