file_0000000034e482078c2661b357b797a7
previous arrow
next arrow
file_00000000ff4c8207807eed1db80f639d
previous arrow
next arrow

रामपुर में लवी मेले में राज्यपाल की अपील, लवी में आएं एक स्थानीय उत्पाद जरूर घर ले जाएं, विकसित भारत की यात्रा गांवों से शुरू होनी चाहिए- कविंद्र गुप्ता

IMG_20261107_092748
previous arrow
next arrow

राज्यपाल ने स्थानीय उत्पाद की खरीद कर ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने का किया आह्वान
समृद्ध गांव, सशक्त किसान और आत्मनिर्भर युवा विकसित भारत के निर्माण  के प्रमुख आधारः राज्यपाल
पारंपरिक हिमाचली उत्पादों को डिजिटल माध्यमों से वैश्विक बाजारों से जोड़ने पर दिया बल

एप्पल news, रामपुर बुशहर

राज्यपाल कविद्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और तकनीकी प्रगति के नए युग में प्रवेश कर रहा है तथा वैश्विक स्तर पर अपनी सशक्त पहचान बना रहा है।
राज्यपाल आज रामपुर में ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का शुभारम्भ करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से पूरा होने वाला राष्ट्रीय संकल्प है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल दिल्ली से नहीं होगा, बल्कि इसकी नींव हमारे गांवों में रखी जाएगी। हमारे किसानों की समृद्धि, कारीगरों का कौशल और युवाओं का संकल्प ही इस लक्ष्य को साकार करेंगे। जब हमारे गांव समृद्ध होंगे और लोग आत्मनिर्भर बनेंगे, तभी विकसित भारत का सपना वास्तविकता में बदलेगा।


आर्थिक सशक्तिकरण के लिए केंद्र सरकार की विभिन्न पहलों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना और स्वरोजगार से जुड़ी अन्य योजनाएं कारीगरों, छोटे उद्यमियों और युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के अवसर प्रदान कर रही हैं। उन्होंने युवाओं से इन योजनाओं का लाभ उठाने और केवल रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार सृजित करने वाले बनने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान पर बल देते हुए राज्यपाल ने मेले में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक स्थानीय उत्पाद खरीदने का विशेष आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पाद खरीदना केवल एक व्यावसायिक गतिविधि नहीं, बल्कि कारीगरों की मेहनत का सम्मान करने और उनके परिवार की खुशहाली में योगदान देने का माध्यम है। हमारा एक छोटा-सा प्रयास किसी परिवार के जीवन में नई उम्मीद जगा सकता है।
लगभग 400 वर्ष पुराने अंतरराष्ट्रीय लवी मेले को हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक बताते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह मेला केवल व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, सदियों पुरानी परंपराओं, पारंपरिक व्यापारिक संबंधों, आपसी विश्वास और सामाजिक सौहार्द का उत्सव है। उन्होंने कहा कि सदियों से यह मेला व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है तथा एकता, भाईचारे और साझा विरासत की भावना को सुदृढ़ करता आया है।
राज्यपाल ने किन्नौरी टोपी, ऊनी वस्त्रों, हस्तशिल्प और कृषि उत्पादों सहित पारंपरिक हिमाचली उत्पादों को डिजिटल माध्यमों के जरिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने युवाओं से आधुनिक शिक्षा और तकनीक अपनाने के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों, भाषा और परंपराओं से जुड़े रहने का आह्वान किया।


सतत विकास के महत्व पर बल देते हुए राज्यपाल ने नागरिकों और पर्यटकों से हिमाचल प्रदेश के संवेदनशील प्राकृतिक पर्यावरण के संरक्षण, स्वच्छता बनाए रखने तथा प्लास्टिक के उपयोग को न्यूनतम करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने रामपुर के पूर्व विधायक स्वर्गीय श्री नंद लाल को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा क्षेत्र के विकास में उनके योगदान को स्मरण किया।
उन्होंने ऐतिहासिक मेले की परंपरा को संरक्षित रखने के लिए आयोजन समिति, जिला प्रशासन और सभी संबंधित पक्षों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विरासत का संरक्षण हमारी जिम्मेदारी है, विकास को आगे बढ़ाना हमारा कर्तव्य है और विकसित भारत का निर्माण हमारा राष्ट्रीय संकल्प है।
इससे पूर्व, अंतरराष्ट्रीय लवी मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने राज्यपाल एवं लेडी गवर्नर का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने बताया कि मेले के इतिहास से युवा पीढ़ी को परिचित करवाने के उद्देश्य से पहली बार स्कूली बच्चों के लिए निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई है, ताकि वे अपने परिवारों और बुजुर्गों से मेले के इतिहास एवं परंपराओं की जानकारी प्राप्त कर सकें।

उन्होंने कहा कि आयोजन समिति ने स्वयं सहायता समूहों, किसान उत्पादक संगठनों, बागवानों और लघु उद्योगों को मंच प्रदान करने के प्रयास किए हैं, जिससे उन्हें नए बाजार उपलब्ध हो सकें। सांस्कृतिक संध्याओं में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी गई है तथा प्रदेश के सभी जिलों की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करने का प्रयास किया गया है।
नगर परिषद रामपुर के अध्यक्ष कर्ण शर्मा ने भी राज्यपाल का स्वागत किया तथा लवी मेले को क्षेत्र की विरासत और पहचान का अभिन्न हिस्सा बताया।


रामपुर के उपमंडलाधिकारी हर्ष अमरेंद्र सिंह नेगी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

इसके उपरांत राज्यपाल ने मेले में लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया तथा किन्नौरी और अन्य स्थानीय उत्पादों के साथ-साथ विभिन्न विभागों द्वारा स्थापित प्रदर्शनियों एवं स्टालों का अवलोकन किया। राज्यपाल एवं लेडी गवर्नर ने खाद्य स्टालों पर स्थानीय व्यंजनों का स्वाद भी लिया और हिमाचली खाद्य उत्पादों को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला परिषद की पूर्व अध्यक्ष चंद्रप्रभा नेगी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह तथा अन्य गणमान्य भी उपस्थित थे।

Share from A4appleNews:

Next Post

आर्थिक उपलब्धियों के नाम रहेगा सुक्खू सरकार के 4 साल का जश्न, 11 दिसंबर को हमीरपुर के दोसड़का पुलिस मैदान में होगा राज्यस्तरीय समारोह

Thu Nov 12 , 2026
बीबीएमबी से हक की लड़ाई में मिली सफलता रहेगी समारोह का मुख्य आकर्षण, दोसड़का पुलिस मैदान में जुटेंगे हजारों लोगएप्पल न्यूज़, शिमला मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार अपने चार साल के कार्यकाल का जश्न इस बार आर्थिक उपलब्धियों और प्रदेश के अधिकारों की लड़ाई में मिली […]

You May Like

Breaking News