एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर
रामपुर बुशहर की ग्राम पंचायत लबाना सदाना के गांव सदाना में शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे जंगल में भड़की आग से गांव के मकान उसकी चपेट में आ गए। इस अग्निकांड में गांव के 6 परिवारों के रिहायशी मकान और 6 गौशालाएं भी आग की भेंट चढ़ गए।

जानकारी के अनुसार इस दर्दनाक घटना में घर की गौशाला में बंधी एक पालतू गाय और दो कुत्ते भी जलकर मारे जाने की सूचना है। इस घटना में करीब 1 करोड रुपए के नुकसान का आकलन किया गया है।
सूचना के अनुसार सदाना गांव के साथ लगते जंगल और घासनी में दोपहर से ही आग लगी थी। अचानक दोपहर बाद आग ने विकराल रूप धारण किया और गांव के घरों को अपनी चपेट में लेकर भारी नुकसान किया।
आग लगने की सूचना मिलते ही रामपुर बुशहर से फायर टेंडर घटनास्थल की ओर भेजे गए जिसके बाद एसडीएम रामपुर बुशहर वह डीएसपी भी दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य का जायजा लिया।
इस अग्निकांड में प्रभावित रविकांत, विक्रम सिंह, शकुंतला, नेई राम, अमर सिंह और उदय सिंह को प्रशासन की तरफ से पंद्रह ₹15000 की फौरी राहत प्रदान की गई।
एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन ने बताया कि इस घटना में 6 परिवार प्रभावित हुए हैं। घटना में गौशाला में बंधी गाय और दो कुत्ते भी जिंदा जल गए हैं प्रशासन की तरफ से राहत सामग्री प्रदान की गई है।
उन्होंने क्षेत्र की जनता से आग्रह किया है कि वन संपदा और घासनियों में आग ना लगाएं और ऐसा पाए जाने पर तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और प्रशासन को दें। ग्रामीण खुद भी मिलजुल कर इस तरह की आग लगने की घटनाओं को रोकने में सहयोग दें।
गर्मी के चलते तापमान में भारी बढ़ोतरी के कारण हल्की सी भी लापरवाही इतना बड़ा नुकसान करवा सकती है ऐसे में जागरूक रहें।










