IMG_20260124_200231
previous arrow
next arrow

RDG थी अस्थायी व्यवस्था, “वित्तीय अनुशासन” से ही राज्यों की स्थिरता संभव, हिमाचल को पर्यटन इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए विशेष ब्याज-मुक्त सहायता- शेखावत

IMG_20251207_105330
previous arrow
next arrow

हिमाचल को पर्यटन, इंफ्रास्ट्रक्चर और आपदा राहत में केंद्र का निरंतर सहयोग; सेब व कृषि पर कांग्रेस भ्रम फैला रही

एप्पल न्यूज़, शिमला

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शिमला में आयोजित विस्तृत प्रेस वार्ता में बजट 2026, भारत की अर्थव्यवस्था, हालिया अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौतों और हिमाचल प्रदेश से जुड़े वित्तीय मुद्दों पर विस्तार से बात करते हुए कहा कि भारत आज मजबूत आर्थिक आधार पर खड़ा है और आने वाले वर्षों में टेक्सटाइल, हैंडीक्राफ्ट, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल, कंज्यूमर गुड्स और कृषि उत्पादों के लिए यूरोप व अमेरिका के बाजारों में सुनहरे अवसर खुलने वाले हैं। उन्होंने कहा कि हालिया व्यापार समझौतों को वैश्विक स्तर पर “मदर ऑफ ऑल डील्स” कहा गया है।

केंद्रीय मंत्री ने विशेष रूप से आरडीजी (Revenue Deficit Grant) के मुद्दे पर स्पष्ट करते हुए कहा कि यह व्यवस्था मूल रूप से अस्थायी राहत के रूप में शुरू की गई थी, ताकि गंभीर वित्तीय घाटे से जूझ रहे राज्यों को सीमित समय के लिए सहारा मिल सके। 12वें वित्त आयोग से शुरू यह प्रावधान बार-बार चेतावनियों के साथ आगे बढ़ाया गया, लेकिन इसे स्थायी व्यवस्था कभी नहीं माना गया।

15वें वित्त आयोग के दौरान कोविड जैसी असाधारण परिस्थिति में राज्यों को फ्रंट-लोडेड और रिकॉर्ड स्तर की सहायता दी गई। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को भी इस अवधि में पहले की सभी अवधियों की तुलना में कहीं अधिक आरडीजी सहायता मिली।

उन्होंने कहा कि अब वित्त आयोग ने स्पष्ट किया है कि निरंतर अनुदान के बजाय राज्यों को राजस्व बढ़ाने और व्यय अनुशासन अपनाने की दिशा में बढ़ना होगा। शेखावत ने कहा कि वित्तीय घाटा (फिस्कल डेफिसिट) आय और व्यय के अंतर का विषय है और इसे केवल राजनीतिक बयानबाजी से नहीं, बल्कि संरचनात्मक सुधारों से ठीक किया जा सकता है।

उन्होंने चिंता जताई कि हिमाचल का कर्ज-जीडीपी अनुपात 40% से ऊपर पहुंचना सावधानी का संकेत है और राज्य को दीर्घकालिक वित्तीय अनुशासन की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने वित्त आयोग के नए फॉर्मूले के तहत कर हिस्सेदारी (devolution) में संरचनात्मक वृद्धि की है, जिससे हिमाचल जैसे राज्यों को अधिक हिस्सा मिल रहा है और इससे आरडीजी घटने के प्रभाव को काफी हद तक संतुलित किया जा सकता है, बशर्ते राज्य वित्तीय प्रबंधन मजबूत करें।

हिमाचल के संदर्भ में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पर्यटन और सांस्कृतिक विकास के लिए लगातार सहयोग दिया है। हाल ही में विशेष पूंजीगत सहायता योजना के तहत हिमाचल को पर्यटन इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए 50 वर्ष अवधि का ब्याज-मुक्त दीर्घकालिक ऋण स्वीकृत किया गया है, जो व्यवहारिक रूप से अनुदान जैसा है।

स्वदेश दर्शन, प्रसाद, चैलेंज बेस्ड डेस्टिनेशन और अन्य योजनाओं के तहत भी प्रदेश को निरंतर सहायता मिली है और आगे भी परियोजना प्रस्ताव मिलने पर सहयोग जारी रहेगा।

प्राकृतिक आपदाओं के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने एसडीआरएफ और एनडीआरएफ फंड में पिछले वर्षों में कई गुना वृद्धि की है और राज्यों को न केवल राहत बल्कि प्रिवेंटिव उपायों पर भी खर्च की अनुमति दी गई है। उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि जलवायु परिवर्तन के दौर में आपदा-पूर्व तैयारी पर अधिक निवेश किया जाए।

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और कृषि पर उठ रहे सवालों पर शेखावत ने कहा कि किसानों, डेयरी, दाल, अनाज, सब्ज़ी और मसाला उत्पादकों के हित पूरी तरह सुरक्षित रखे गए हैं। गेहूं, चावल, दालें, सामान्य सब्ज़ियाँ, डेयरी उत्पाद, मसाले और अधिकांश फल श्रेणियों पर कोई बाज़ार खुलापन नहीं दिया गया है।

उन्होंने कहा कि सेब के मुद्दे पर कांग्रेस अनावश्यक राजनीति कर रही है। बाहर से आने वाला सेब ₹100 से कम लैंडिंग कीमत पर भारत नहीं आ सकता — लगभग ₹80 न्यूनतम बेस प्राइस और उस पर ₹20 से ₹40 तक टैक्स जुड़ने के बाद ही आयात संभव है — इसलिए स्थानीय बागवानों के हित सुरक्षित हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बजट 2026, हालिया व्यापार समझौते, इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश और मैन्युफैक्चरिंग थ्रस्ट मिलकर भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाएंगे और हिमाचल प्रदेश भी इससे बड़े पैमाने पर लाभान्वित होगा।

पर्यटन भारत की अर्थव्यवस्था का बड़ा ग्रोथ इंजन, हिमाचल को पर्यटन इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए विशेष ब्याज-मुक्त सहायता — गजेंद्र सिंह शेखावत

बजट 2026 में हेरिटेज साइट, हॉस्पिटैलिटी, टूर गाइड ट्रेनिंग और हाई वैल्यू कृषि फसलों पर विशेष फोकस

एप्पल न्यूज़, शिमला

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शिमला में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यटन आज भारत की अर्थव्यवस्था का एक बड़ा ड्राइवर बन चुका है और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों के लिए तो यह विकास का प्रमुख आधार है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल की प्राकृतिक और सांस्कृतिक संपदा देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित कर रही है और केंद्र सरकार पर्यटन आधारित इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए विशेष कदम उठा रही है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में केंद्र सरकार की स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल इंफ्रास्ट्रक्चर (SASCI) योजना के तहत हिमाचल प्रदेश को पर्यटन वर्टिकल के विकास के लिए दीर्घकालिक 50 वर्ष अवधि का ब्याज-मुक्त ऋण स्वीकृत किया गया है, जो व्यवहारिक रूप से अनुदान के समान है। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश में पर्यटन ढांचे, सुविधाओं और कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बजट 2026 में 15 प्रमुख पुरातात्विक स्थलों को विश्वस्तरीय एक्सपीरियंस डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की घोषणा की गई है। उन्होंने बताया कि अब केवल उत्खनन कर स्थलों को छोड़ देने के बजाय उन्हें वैज्ञानिक तरीके से विकसित कर पर्यटन अनुभव केंद्र बनाया जाएगा, जैसा सफल मॉडल गुजरात के वडनगर में विकसित किया गया है। इसी प्रकार देशभर में नए हेरिटेज एक्सपीरियंस जोन विकसित किए जाएंगे।

शेखावत ने कहा कि देश में तेजी से बढ़ते पर्यटन और होटल सेक्टर को देखते हुए प्रशिक्षित मानव संसाधन की आवश्यकता बढ़ रही है। इस दिशा में बजट में एक नेशनल हॉस्पिटैलिटी इंस्टीट्यूट स्थापित करने का प्रावधान किया गया है, ताकि तकनीकी रूप से दक्ष प्रोफेशनल तैयार किए जा सकें। साथ ही चयनित पर्यटन स्थलों पर 10,000 टूरिस्ट गाइड्स को आधुनिक तकनीक, एआर-वीआर और डिजिटल टूल्स के साथ प्रशिक्षित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ट्रैकिंग ट्रेल्स, बर्डिंग ट्रेल्स और विशेष ईको-टूरिज्म सर्किट के विकास का भी प्रावधान बजट में किया गया है, जिससे हिमाचल जैसे राज्यों को सीधा लाभ मिलेगा।

केंद्रीय मंत्री ने कृषि क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि बजट में किसानों की आय बढ़ाने के लिए हाई वैल्यू फसलों — नारियल, काजू, कोको और चंदन — पर विशेष फोकस किया गया है। साथ ही प्रोसेसिंग क्षमता बढ़ाने, वैकल्पिक आय स्रोत मजबूत करने, स्वयं सहायता समूहों, पशुपालन, मत्स्य पालन और मधुमक्खी पालन जैसे क्षेत्रों को प्रोत्साहन देने का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि किसानों की आय केवल पारंपरिक खेती पर निर्भर न रहे, बल्कि वैल्यू एडिशन, प्रोसेसिंग और निर्यात के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बहु-आयामी बनाया जाए। बजट 2026 पर्यटन और कृषि — दोनों क्षेत्रों को विकास के मजबूत स्तंभ के रूप में आगे बढ़ाने वाला बजट है।

Share from A4appleNews:

Next Post

RDG पर CM सुक्खू का बड़ा बयान- "हम तो योद्धा हैं, युद्ध की तरह लड़ेंगे", प्रदेश हित छोड़ BJP कर रही राजनीति

Sun Feb 8 , 2026
एप्पल न्यूज़, शिमला मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस स्थिति को संघीय ढांचे पर चोट बताते हुए स्पष्ट किया कि RDG बंद होना हिमाचल जैसे विशेष भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्यों के लिए अन्यायपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हितों से कोई समझौता नहीं करेगी और इस फैसले […]

You May Like

Breaking News