एप्पल न्यूज़, शिमला
लम्बी कानूनी लड़ाई और हिमाचल हाईकोर्ट जे आदेशों के बाद Government of Himachal Pradesh के शिक्षा विभाग ने राज्य के स्कूलों में 870 शारीरिक शिक्षा अध्यापक (PET) पद भरने की मंजूरी दे दी है।
इस संबंध में शिक्षा विभाग के सचिव की ओर से निदेशक, स्कूल शिक्षा को पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
यह फैसला Himachal Pradesh High Court के निर्णय और नई जॉब ट्रेनी योजना को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
जारी पत्र के अनुसार इन पदों को जॉब ट्रेनी स्कीम के तहत भरा जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को प्रारंभिक तौर पर 21,500 रुपये प्रतिमाह फिक्स्ड मानदेय दिया जाएगा।

सरकार द्वारा जारी अधिसूचना और विभाग के प्रचलित भर्ती एवं पदोन्नति नियमों के अनुसार भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
शिक्षा विभाग के अनुसार इस संबंध में पहले निदेशक स्कूल शिक्षा द्वारा भेजे गए प्रस्ताव और पत्र का हवाला देते हुए सरकार ने 870 पदों को भरने के लिए अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है।
इसके साथ ही विभाग को भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि इन पदों को भरने से सरकारी स्कूलों में लंबे समय से खाली पड़े शारीरिक शिक्षा अध्यापकों के पदों की कमी को काफी हद तक दूर किया जा सकेगा।

प्रदेश के सरकारी स्कूलों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों के शारीरिक विकास को ध्यान में रखते हुए इन पदों को भरना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार भर्ती प्रक्रिया को अगले वित्तीय वर्ष में पूरा करने की योजना है, जिसके लिए जल्द ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
अधिसूचना जारी होने के बाद बेरोजगार शारीरिक शिक्षकों ने मिशन 870 के तहत भर्ती प्रक्रिया का प्रारंभ होने के लिए डायरेक्टर एजुकेशन आशीष कोहली का आभार जताया. इनमें डॉक्टर रमेश राजपूत, नरेश कौशल, परमेश लता खन्ना, ईश्वर कौशल, रूप लाल कौशल मौजूद रहे.
सभी ने प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और शिक्षा सचिव का भी आभार जताया. करीब एक दशक के बाद आखिरकार बेरोजगारों को रोजगार का हक़ मिलेगा.






