मोदी सरकार ने हिमाचल की तकदीर बदली, प्रदेश में विकास का नया अध्याय लिखा- जेपी नड्डा

IMG_20260514_180822
previous arrow
next arrow

48 हजार करोड़ की सड़क परियोजनाएं और 668 किलोमीटर फोरलेन निर्माण से बदलेगा हिमाचल का भविष्य

काम करने वाली और केवल वादे करने वाली सरकारों के बीच फर्क पहचानें जनता — नड्डा

एप्पल न्यूज़, शिमला

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, रसायन एवं उर्वरक मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा ने ग्राम पंचायत शोघी के अंतर्गत आयोजित भाजपा हिमाचल प्रदेश के “12 विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर कैथलीघाट से शकराल ग्राम तक 4-लेन एनएच-5 (शिमला बाइपास पैकेज-1) परियोजना के क्षेत्र में पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री नड्डा ने कहा कि आज से 12 वर्ष पूर्व किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि हिमाचल प्रदेश में इतने बड़े पुलों, सुरंगों और विश्वस्तरीय सड़कों का निर्माण होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन हुआ है और विकास कार्य तीव्र गति से आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में लगभग 668 किलोमीटर फोरलेन सड़कों पर कार्य चल रहा है तथा लगभग 48 हजार करोड़ रुपये की सड़क निर्माण परियोजनाएं विभिन्न चरणों में हैं। आने वाले समय में प्रदेश के प्रत्येक जिले को आधुनिक हाईवे और फोरलेन सड़कों से जोड़ा जाएगा, जिससे विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

श्री नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश की तस्वीर और तकदीर बदलने का कार्य किया है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जनता को काम करने वाली और केवल घोषणाएं करने वाली सरकारों के बीच स्पष्ट अंतर को पहचानना चाहिए। विकास कार्य स्वयं इस बात के प्रमाण हैं कि भाजपा सरकार जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, रेल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में जो परिवर्तन आज दिखाई दे रहे हैं, वे मजबूत नेतृत्व और स्पष्ट नीयत का परिणाम हैं। हिमाचल प्रदेश आने वाले वर्षों में विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

पेड़ लगाने से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं, हरित क्रांति जनभागीदारी से होगी सफल — जे.पी. नड्डा

तारा माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर मां का लिया आशीर्वाद, देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

शोघी में 10 पौधों का रोपण, नड्डा ने स्वयं लगाया चिनार का पौधा

शिमला, 13 जून। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज तारा माता मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर मां तारा का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने देश एवं प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

मंदिर दर्शन के उपरांत श्री नड्डा वन विहार ग्राम पंचायत शोघी पहुंचे, जहां पर्यावरण संरक्षण और हरित हिमाचल के संकल्प के तहत आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर कुल 10 पौधे लगाए गए। श्री नड्डा ने स्वयं चिनार का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पेड़ लगाना मानवता और प्रकृति के प्रति सबसे बड़ा योगदान है। वृक्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाना होगा और हर व्यक्ति को पौधारोपण के साथ-साथ उनकी देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति संवर्धन को लेकर व्यापक जनजागरण हुआ है तथा इसी दिशा में समाज की सक्रिय भागीदारी से हरित क्रांति का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

इस कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Share from A4appleNews:

Next Post

जनता के मुद्दों पर संघर्ष तेज करेगी CPIM, संगठन विस्तार पर जोर

Sat Jun 13 , 2026
एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर रामपुर। सीपीआई(एम) लोकल कमेटी रामपुर की बैठक में हाल ही में सम्पन्न पंचायती राज चुनावों की समीक्षा करते हुए जनता के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। बैठक में चुनावी अनुभवों, संगठनात्मक स्थिति तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार […]

You May Like

Breaking News