रामपुर एवं लूहरी परियोजना स्थल पर उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

IMG_20260514_180822
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर

रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन (आरएचपीएस) एवं लूहरी जल विद्युत परियोजना-I द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 का आयोजन रविवार सुबह 7:30 बजे से 8:30 बजे तक उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। इस वर्ष की थीम “Yoga for Healthy Ageing” (स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग) रही, जिसके माध्यम से सभी आयु वर्ग के लोगों में शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन, भावनात्मक सुदृढ़ता तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में एसजेवीएन के निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा परिवार सहित विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें रामपुर जल विद्युत स्टेशन एवं लूहरी परियोजना के साथ योग अभ्यास करने का अवसर मिलने पर अत्यंत प्रसन्नता है.

 उन्होंने कहा कि एसजेवीएन प्रबंधन इस प्रकार के आयोजन लगातार करता रहा है और भविष्य में भी करता रहेगा। योग न केवल स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि सामुदायिक एकता और सहयोग की भावना को भी मजबूत करता है।

उन्होंने सभी से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन के परियोजना प्रमुख विकास मारवाह तथा लूहरी जल विद्युत परियोजना-I के परियोजना प्रमुख विवेक शर्मा सहित दोनों परियोजनाओं के अधिकारी, कर्मचारी एवं आवासीय परिसर के निवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इसके अलावा आसपास के ग्रामीणों, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
योग प्रशिक्षक ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम करवाते हुए नियमित योग के लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योग शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से स्वस्थ एवं जागरूक रहने का प्रभावी माध्यम है तथा संतुलित जीवन का आधार भी है।

 योग सत्र के समापन पर निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने शीर्षासन तथा उनकी धर्मपत्नी शैली शर्मा ने गरुड़ासन का प्रदर्शन किया, जिसने उपस्थित लोगों को विशेष रूप से आकर्षित किया।
रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन के खेल मैदान में आयोजित यह कार्यक्रम कार्य-जीवन संतुलन, सकारात्मक ऊर्जा, स्वस्थ जीवनशैली तथा गरिमामय एवं स्वस्थ वृद्धावस्था को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News