एप्पल न्यूज़, शिमला
हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के कर्मचारियों ने अपनी प्रस्तावित हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया है। अतिरिक्त मुख्य सचिव के साथ हुई वार्ता और सरकार की ओर से दिए गए आश्वासनों के बाद यह फैसला लिया गया।
बैठक में कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों पर चर्चा हुई, जिसके बाद सरकार ने वित्तीय देनदारियों के भुगतान को लेकर महत्वपूर्ण आश्वासन दिए। जानकारी के अनुसार, HRTC कर्मचारियों को मेडिकल रीइंबर्समेंट के लंबित बिलों के भुगतान के लिए 7 करोड़ 10 लाख रुपये की राशि कल जारी की जाएगी।

इसके अलावा कर्मचारियों का 12 माह का लंबित नाइट ओवरटाइम भत्ता भी अगले 7 दिनों के भीतर जारी करने का आश्वासन दिया गया है।
सरकार के इन आश्वासनों के बाद कर्मचारी संगठनों ने हड़ताल का निर्णय वापस लेते हुए परिवहन सेवाओं को सामान्य रूप से संचालित करने पर सहमति जताई है। इससे प्रदेशभर में यात्रियों को राहत मिलेगी और बस सेवाएं बिना किसी व्यवधान के जारी रहेंगी।
कर्मचारी संगठनों ने कहा है कि सरकार द्वारा दिए गए आश्वासनों के क्रियान्वयन पर उनकी नजर रहेगी तथा लंबित मांगों के समाधान के लिए भविष्य में भी वार्ता का सिलसिला जारी रहेगा।






