एप्पल न्यूज़, शिमला/मनाली
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विसेज (MES) के असिस्टेंट गैरीसन इंजीनियर (AGE) के.के. सोनी को 93,000 रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए मनाली में रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, के.के. सोनी शिमला में तैनात हैं। उन पर एक ठेकेदार के लंबित बिलों को पास करने और संबंधित कार्यों को आगे बढ़ाने के एवज में 93,000 रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।

ठेकेदार की शिकायत के आधार पर सीबीआई ने ट्रैप बिछाया और आरोपी अधिकारी को मनाली में कथित रिश्वत की राशि स्वीकार करते समय गिरफ्तार कर लिया।
सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद एमईएस विभाग में हड़कंप मच गया है। एजेंसी मामले की गहन जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ के साथ-साथ उसके ठिकानों पर भी तलाशी की कार्रवाई की जा सकती है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।






