बुशहर कर्मचारी खेल संस्कृति एवं कल्याण संघ रामपुर द्वारा आयोजित प्रथम अंतरविभागीय खेल प्रतियोगिता का भव्य समापन

IMG_20260514_180822
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर

रविवार को रामपुर के पाठबंगला स्थित कॉलेज खेल मैदान में बुशहर कर्मचारी खेल, संस्कृति एवं कल्याण संघ, रामपुर द्वारा इतिहास में पहली बार आयोजित अंतरविभागीय खेल प्रतियोगिता का विधिवत एवं भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया।
समापन समारोह से पूर्व ननखड़ी के खोलीघाट (खड़ाहण) बस दुर्घटना तथा तकलेच के काशापाट में हुई दुर्घटना में दिवंगत हुए सभी मृतकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। तथा राष्ट्रीय गान के साथ टूर्नामेंट को सम्पन्न किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि हिमालयन प्रोफेशनल इंस्टीट्यूट, सोलन के प्रबंध निदेशक (एमडी) श्री एम.आर. शर्मा रहे। अपने संबोधन में उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि पर्यावरण बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कर्मचारियों, शिक्षकों, अधिकारियों तथा आम नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होने और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनेगा, तभी हम आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित कर पाएंगे।

मुख्य अतिथि श्री एम० आर० शर्मा ने विशेष रूप से शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि शिक्षक सीधे विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से जुड़े होते हैं, इसलिए वे पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने में प्रभावी योगदान दे सकते हैं। उन्होंने बुशहर कर्मचारी खेल, संस्कृति एवं कल्याण संघ से भी इस दिशा में सक्रिय पहल करने का आग्रह किया। इस अवसर पर उन्होंने संघ को भविष्य में खेल एवं सामाजिक गतिविधियों के सफल आयोजन हेतु ₹51,000 (इक्यावन हजार रुपये) की सहयोग राशि देने की घोषणा भी की।
संघ के प्रधान कुशाल शर्मा ने प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए बताया कि इस ऐतिहासिक आयोजन में विभिन्न विभागों की कुल 24 क्रिकेट, 7 वॉलीबॉल, 18 बैडमिंटन, 16 कैरम तथा 16 शतरंज टीमों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे—क्रिकेट प्रतियोगिता में रामपुर पुलिस ने प्रथम तथा वन विभाग रामपुर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वॉलीबॉल में जल शक्ति विभाग, रामपुर विजेता रहा, जबकि रामपुर पुलिस उपविजेता रही।
बैडमिंटन युगल में शिक्षा विभाग के चेतन शर्मा एवं मोनू मेहता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एकल वर्ग में एसबीआई के विनय शर्मा प्रथम तथा हिमफेड के राजीव सिंह द्वितीय रहे। कैरम डबल्स में शिक्षा विभाग के देवराज ठाकुर एवं छत्तर ठाकुर विजेता रहे, जबकि वीरेंद्र नेगी एवं दुर्गा दास उपविजेता रहे।
कैरम एकल में शिक्षा विभाग के दुर्गा प्रसाद (सरपारा) प्रथम तथा दुर्गा प्रसाद (दांसा) द्वितीय स्थान पर रहे।
शतरंज प्रतियोगिता में आयुष विभाग के भारत भूषण ने प्रथम तथा सीडीपीओ कार्यालय के शशि भूषण ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
विजेता टीमों एवं खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। क्रिकेट विजेता टीम को ट्रॉफी सहित ₹21,000, जबकि उपविजेता को ट्रॉफी एवं ₹11,000 की नकद राशि प्रदान की गई। वॉलीबॉल विजेता टीम को ट्रॉफी सहित ₹10,000 तथा उपविजेता टीम को ट्रॉफी सहित ₹5,000 की पुरस्कार राशि दी गई।
क्रिकेट प्रतियोगिता में वन विभाग के विनोज नेगी को बेस्ट बॉलर तथा रामपुर पुलिस के अब्बू डोगरा को बेस्ट बल्लेबाज के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
संघ के प्रधान कुशाल शर्मा ने अपने संबोधन में सभी विभागों के कर्मचारियों, शिक्षकों, अधिकारियों, खिलाड़ियों, सहयोगियों, आम जनता, पत्रकार बंधुओं एवं पूरे आयोजन के दौरान सहयोग देने वाले सभी अतिथियों का बुशहर कर्मचारी खेल, संस्कृति एवं कल्याण संघ की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर श्री वीरेंद्र शर्मा ने आयोजन हेतु ₹11,000, श्री बांका राम भलूनी ने ₹5,100, श्री बृज लाल ने ₹10,000 तथा श्री बोविल ठाकुर ने ₹2,500 की सहयोग राशि प्रदान की। इसके अतिरिक्त अनेक अन्य समाजसेवियों एवं सहयोगियों ने भी आयोजन को सफल बनाने में उदारतापूर्वक सहयोग दिया।
समारोह में डीएसपी रामपुर श्री नरेश शर्मा ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कर आयोजकों एवं खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. कपिल शर्मा को उनके उत्कृष्ट सामाजिक एवं जनसेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। वहीं सुप्रसिद्ध हिमाचली गायक ए.सी. भारद्वाज की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा को और बढ़ाया।
समापन समारोह में खेल प्रभारी प्रीतम ठाकुर एवं चंद्र भदरैल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोज नेगी, महासचिव प्रो. कुशाल शर्मा, कोषाध्यक्ष गोविंद शाक्य, मुख्य संरक्षक अनिल वर्मा, मुख्य सलाहकार ई. प्रदीप कुमार, कार्यालय सचिव अरुण शर्मा, उपाध्यक्ष रंजू मेहता, उपप्रधान देवराज ठाकुर, सलाहकार रेखा चौहान, सोहन लाल, शिवम वालिया, कवि सहित संघ के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन ने कर्मचारियों के बीच खेल भावना, आपसी समन्वय, भाईचारे तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने की दिशा में एक नया इतिहास रच दिया।

Share from A4appleNews:

Next Post

हिमाचल में मुख्यमंत्री न मंत्रियों और विधायकों की सुनते हैं और न अधिकारी मंत्रियों की- जयराम ठाकुर

Tue Jul 21 , 2026
कहीं मंत्रियों के दौरे पर अधिकारियों को दूर रहने के निर्देश दिए जा रहे हैं तो कहीं मंत्रियों को परियोजनाओं का उद्घाटन करने से रोक दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के तानाशाही रवैये से त्रस्त होकर बड़े-बड़े कांग्रेसी दिग्गज राजनीति से किनारा कर रहे हैं। एप्पल न्यूज़, शिमला  शिमला से […]

You May Like

Breaking News