56 ग्राम चिट्टा बरामदगी मामले में चल रहा था फरार
एप्पल न्यूज, शिमला।
शिमला पुलिस ने चिट्टा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोटी और जुन्गा क्षेत्र में नशे की सप्लाई करने वाले मुख्य सप्लायर को पंजाब के मुकेरियां से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान युगराज पुत्र प्यार चंद, निवासी कोटी, तहसील जुन्गा, जिला शिमला के रूप में हुई है। आरोपी 56 ग्राम चिट्टा बरामदगी के मामले में फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए पंजाब में छिपा हुआ था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
पुलिस के अनुसार, 15/16 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि को शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर लोअर चक्कर स्थित एक आवासीय कमरे में दबिश दी थी। तलाशी के दौरान वहां से हीना नामक महिला के कब्जे से 56 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई थी। इस मामले में पुलिस थाना बालूगंज में अभियोग संख्या 218/26, दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को धारा 21 और 29 ND&PS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान मुख्य सप्लायर युगराज का नाम सामने आया था, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी

अन्वेषण में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने चिट्टे की सप्लाई के लिए एक महिला से संपर्क स्थापित कर उसके क्वार्टर को नशे की सप्लाई का ठिकाना बनाया हुआ था। वह अन्य साथियों की मदद से शिमला में नशे का कारोबार चला रहा था। पुलिस को आरोपी के अंतरराज्यीय नशा तस्करों से संपर्क होने की जानकारी भी मिली है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। वह पंजाब के मोहाली (SAS नगर) में अभियोग संख्या 66/22 के तहत 20 ग्राम हेरोइन बरामदगी के मामले में पहले भी गिरफ्तार हो चुका है।
मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी से कोटी और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय नशा सप्लाई नेटवर्क की जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। शिमला पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशे की सप्लाई के स्रोतों, उसके अन्य सहयोगियों और अंतरराज्यीय नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।







