74 परीक्षा केंद्रों में दो सत्रों में होगी परीक्षा, प्रत्येक पेपर की अवधि ढाई घंटे
स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट) नवंबर-2026 के तहत चार विषयों की परीक्षा 29 नवंबर को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए बोर्ड ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इन परीक्षाओं में प्रदेशभर के कुल 9,012 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए 74 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि टीजीटी नॉन-मेडिकल, टीजीटी संस्कृत, स्पेशल एजुकेटर (कक्षा छठी से 12वीं) और स्पेशल एजुकेटर (प्री-प्राइमरी से पांचवीं कक्षा) के एडमिट कार्ड 26 नवंबर से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिए गए हैं। अभ्यर्थी वेबसाइट से अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि सभी चार विषयों की परीक्षाएं दो सत्रों में आयोजित होंगी। सुबह के सत्र में सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक टीजीटी नॉन-मेडिकल और स्पेशल एजुकेटर (कक्षा छठी से 12वीं) की परीक्षा होगी। टीजीटी नॉन-मेडिकल के 6,315 अभ्यर्थियों के लिए 45 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि स्पेशल एजुकेटर के 133 अभ्यर्थी तीन केंद्रों में परीक्षा देंगे।
वहीं, दूसरे सत्र में दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक टीजीटी संस्कृत और स्पेशल एजुकेटर (प्री-प्राइमरी से पांचवीं कक्षा) की परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रत्येक परीक्षा के लिए ढाई घंटे का समय निर्धारित किया गया है। बोर्ड ने अभ्यर्थियों से समय रहते एडमिट कार्ड डाउनलोड करने और परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।







