file_0000000041688207ba39fa13793d26ef
previous arrow
next arrow
IMG-20261121-WA0013
previous arrow
next arrow

गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता के लिए मार्गदर्शक प्रकाश एवं राष्ट्रीय एकता की प्रेरणास्रोत: राज्यपाल

IMG_20261107_092748
previous arrow
next arrow

गुरुद्वारा सिंह सभा, सपरुन में माथा टेककर लिया आशीर्वाद; सिख विरासत के सम्मान एवं संरक्षण के लिए केंद्र सरकार की पहलों की सराहना की
कहा ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ का संदेश समानता, सेवा और विश्व बंधुत्व की भावना को प्रेरित करता है
हिंदू-सिख समुदायों के सदियों पुराने संबंधों को संरक्षित करने तथा राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने का किया आह्वान

एप्पल न्यूज़, शिमला

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की कालजयी शिक्षाएं संपूर्ण मानवता के लिए मार्गदर्शक प्रकाश हैं। उनकी शिक्षाएं पीढ़ी-दर-पीढ़ी लोगों को समानता, निःस्वार्थ सेवा, विश्व बंधुत्व और सामाजिक सद्भाव के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देती रही हैं।
राज्यपाल श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर जिला सोलन के गुरुद्वारा सिंह सभा, सपरुन में माथा टेकने के उपरांत मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत कर रहे थे।
इस अवसर पर उन्होंने देशवासियों, विशेषकर सिख संगत को प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी के तीन मूलभूत सिद्धांत ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ एक संवेदनशील, समतामूलक एवं सौहार्दपूर्ण समाज के निर्माण का सशक्त आधार प्रदान करते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि सिख गुरुओं के अद्वितीय बलिदान तथा स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण में सिख समुदाय का अतुलनीय योगदान सदैव आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा सिख विरासत एवं गौरवशाली इतिहास के संरक्षण के लिए किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि वर्ष 2019 में करतारपुर साहिब कॉरिडोर का शुभारंभ सिख समुदाय की दशकों पुरानी आकांक्षा की पूर्ति की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम रहा। उन्होंने 26 दिसम्बर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाए जाने की पहल का भी उल्लेख किया, जिसके माध्यम से साहिबजादों के सर्वाेच्च बलिदान को स्मरण किया जाता है।
कविन्द्र गुप्ता ने श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 350वें प्रकाश पर्व तथा श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व के राष्ट्रव्यापी आयोजनों का भी उल्लेख किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने हेमकुंड साहिब रोप-वे परियोजना, सेवा भोज योजना तथा वर्ष 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए किए गए प्रयासों को भी महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि ये सभी पहलें सिखों की गौरवशाली विरासत के संरक्षण, धार्मिक भावनाओं के सम्मान तथा समुदाय के कल्याण के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।
हिंदू और सिख समुदायों के बीच सदियों पुराने आत्मीय संबंधों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि दोनों समुदायों की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हुई है। उन्होंने समाज में धार्मिक आधार पर विभाजन पैदा करने वाली शक्तियों के प्रति आगाह करते हुए नागरिकों से ऐसी विभाजनकारी सोच के प्रति सतर्क रहने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवा पीढ़ी से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी को नशामुक्त हिमाचल प्रदेश के निर्माण, राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने तथा विकसित भारत /2047 के संकल्प को साकार करने में सक्रिय योगदान देना चाहिए।
इस अवसर पर राज्यपाल ने सभी के लिए सुख-शांति, समृद्धि और सर्वकल्याण की कामना की।
.0.

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News