file_0000000041688207ba39fa13793d26ef
previous arrow
next arrow
IMG-20261121-WA0013
previous arrow
next arrow

राज्यपाल ने महिलाओं सेे राजनीति एवं राष्ट्र निर्माण में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के लिए आगे आने के लिए किया प्रोत्साहित

IMG_20261107_092748
previous arrow
next arrow

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाली बेटियों की उपलब्धियों की सराहना की
आरकेएमवी की छात्राओं से नशामुक्त हिमाचल के संकल्प को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया

एप्पल न्यूज़, शिमला

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि महिलाओं को शिक्षा, प्रशासन और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ राजनीति एवं राष्ट्र निर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के विकास को नई दिशा देने के लिए नीति निर्धारण और नेतृत्व के विभिन्न स्तरों पर महिलाओं की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है।
राज्यपाल आज राजकीय कन्या महाविद्यालय (आरकेएमवी), शिमला के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह-2026 को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दृष्टिकोण महिलाओं को सशक्त बनाकर उन्हें प्रत्येक क्षेत्र में नेतृत्व के अवसर प्रदान करना है। महिला विकास से महिला नेतृत्व में विकास की ओर बढ़ने का यह संकल्प देश की प्रगति में महिलाओं की निर्णायक भूमिका को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि बेटियां केवल विकास प्रक्रिया में सहभागी बनने तक सीमित न रहें, बल्कि देश के भविष्य को दिशा देने में भी नेतृत्व करें। उन्होंने छात्राओं से राजनीति और सार्वजनिक जीवन को राष्ट्र सेवा के महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षित, सक्षम और आत्मविश्वास से परिपूर्ण महिलाओं को आगे आकर नेतृत्व की जिम्मेदारियां संभालनी चाहिए। राजनीति और प्रशासन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से निर्णय प्रक्रिया अधिक समावेशी और प्रभावी बनेगी।
राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश की बेटियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियों ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने एशियाई खेलों में भारत की स्वर्ण पदक विजेता महिला कबड्डी टीम की सदस्य ऋतु नेगी, पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर के योगदान की विशेष सराहना की।

उन्होंने चंबा की सीमा कुमारी की एथलेटिक्स के क्षेत्र में उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन बेटियों की सफलता प्रदेश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है और यह सिद्ध करती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति एवं निरंतर प्रयासों से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि बदलते समय की आवश्यकताओं के अनुरूप छात्राओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, नवाचार और अनुसंधान जैसे उभरते क्षेत्रों में दक्ष बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आधुनिक ज्ञान एवं तकनीक के साथ भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों से जुड़ाव बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
युवाओं में नशे के बढ़ते प्रचलन, विशेषकर चिट्टे की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए राज्यपाल ने छात्राओं से नशामुक्त हिमाचल अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करने में विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने छात्राओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी इस सामाजिक बुराई के विरुद्ध जागरूक करने का आग्रह किया।
राज्यपाल ने कहा कि वास्तविक महिला सशक्तिकरण तभी संभव है, जब प्रत्येक बेटी को बिना किसी भेदभाव और बाधा के अपनी प्रतिभा एवं क्षमताओं के अनुरूप आगे बढ़ने के समान अवसर प्राप्त हों।


मेधावी छात्राओं को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि सफलता केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं होती, बल्कि व्यक्ति का चरित्र, अनुशासन, सामाजिक सरोकार और समाज के प्रति योगदान भी उसकी सफलता के महत्वपूर्ण मानदंड हैं। उन्होंने छात्राओं को जीवन में उत्कृष्टता प्राप्त करने के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
राज्यपाल ने महिला शिक्षा के क्षेत्र में राजकीय कन्या महाविद्यालय के योगदान की सराहना की। उन्होंने शिक्षा, खेलकूद, एनसीसी, एनएसएस और अन्य गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए महाविद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने छात्राओं के व्यक्तित्व निर्माण में शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया।
इससे पूर्व, महाविद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. अनुरिता सक्सेना ने राज्यपाल का स्वागत किया तथा महाविद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट 2025-26 प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय ने वर्ष 2025-26 की आंतरिक रैंकिंग में टियर-1 सरकारी महाविद्यालयों में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इसके अतिरिक्त, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत् विकास के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए महाविद्यालय को हिमाचल प्रदेश पर्यावरण नेतृत्व पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
कार्यक्रम में छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
इस अवसर पर महाविद्यालय की ओर से राज्य रेडक्रॉस सोसायटी के लिए 25 हजार रुपये का चेक भी राज्यपाल को भेंट किया गया।
कार्तिक चौहान ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज, विभिन्न महाविद्यालयों के प्रधानाचार्य तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News