आरोपी की निशानदेही पर कमयाणा-भराड़ी के जंगल से बरामद हुआ मंदिर का सामान, चांदी के मुकुट, छत्र और धार्मिक आभूषण भी मिले
एप्पल न्यूज़, शिमला
राजधानी शिमला के प्रसिद्ध संकट मोचन मंदिर में हुई चोरी के मामले में शिमला पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर मंदिर से चोरी की गई संपत्ति की 100 प्रतिशत बरामदगी कर ली है। चोरी किया गया धार्मिक सामान कमयाणा, भराड़ी के समीप जंगल से बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अभियोग संख्या 236/26 दिनांक 1 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(D) के तहत पुलिस थाना पश्चिम, जिला शिमला में मामला दर्ज किया गया था।

मामले में आरोपी हितेन्द्र कंवर उर्फ बंटी (31 वर्ष), निवासी बसंतपुर, तहसील सुन्नी, जिला शिमला को 23 नवंबर 2026 को BNS की धारा 120B के तहत गिरफ्तार किया गया था।
मामले की आगामी जांच के दौरान 23 नवंबर को आरोपी की निशानदेही पर कमयाणा, भराड़ी के समीप जंगल में छिपाकर रखी गई मंदिर की चोरी हुई संपत्ति बरामद की गई। इसमें हनुमान जी की गदाएं, चांदी के मुकुट, छत्र, पायल, कड़े, कुंडल, कटोरियां, चम्मच, हार, चांदी की जोत और चरण पादुकाओं सहित विभिन्न धार्मिक आभूषण एवं अन्य कीमती वस्तुएं शामिल हैं।
बरामदगी के दौरान संकट मोचन मंदिर के ट्रस्टी भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने बरामद सामान की पहचान मंदिर से चोरी हुई संपत्ति के रूप में की। पुलिस ने सभी वस्तुओं को नियमानुसार कब्जे में ले लिया है।
शिमला पुलिस की इस कार्रवाई से मंदिर चोरी मामले में एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस के अनुसार, चोरी हुई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली गई है, जबकि मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।







